![]()
मधेपुरा के घैलाढ़ प्रखंड स्थित सोनाय अनूप उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को छात्रों ने प्रभारी प्रधानाध्यापक बदलने के विभागीय आदेश के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मांग की कि स्थायी प्रधानाध्यापक की नियुक्ति होने तक वर्तमान प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार को ही पद पर बनाए रखा जाए। शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और पठन-पाठन में महत्वपूर्ण सुधार छात्रों ने बताया कि पिछले आठ महीनों से मुकेश कुमार के नेतृत्व में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और पठन-पाठन में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। उनका तर्क था कि उन्हें हटाकर किसी अन्य शिक्षक को प्रभारी बनाना विद्यालय के हित में नहीं होगा। इस प्रदर्शन को ग्रामीणों और अभिभावकों का भी समर्थन मिला, जिन्होंने विभाग से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की। 24 घंटे के भीतर प्रभार हस्तांतरण का निर्देश जानकारी के अनुसार, तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार के प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद विभाग ने शिक्षकों की सहमति से मुकेश कुमार को प्रभारी प्रधानाध्यापक का दायित्व सौंपा था। बाद में शिक्षक अशोक कुमार अमर ने वरीयता के आधार पर इस पद पर दावा किया। इसके बाद जिला शिक्षा विभाग ने मो. इमरान आलम को प्रभारी का प्रभार सौंपने का आदेश जारी किया, जो वरिष्ठता में अशोक कुमार अमर से कुछ माह आगे बताए गए थे। सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने 24 घंटे के भीतर प्रभार हस्तांतरण का निर्देश भी दिया था। शिक्षकों को मौके पर ही फटकार लगाई गई विभागीय आदेश की जानकारी मिलते ही छात्रों ने विद्यालय में तालाबंदी कर दी। सूचना मिलने पर प्रभारी BEO नवल किशोर सिंह विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत की, उनकी शिकायतें सुनीं और शिक्षकों के कार्यों पर प्रतिक्रिया ली। छात्रों द्वारा असंतोष जताए गए शिक्षकों को मौके पर ही फटकार लगाई गई। BEO ने छात्रों को आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले को गंभीरता से जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अगले विभागीय आदेश तक मुकेश कुमार ही प्रभारी बने रहेंगे। इस आश्वासन के बाद छात्रों ने विद्यालय का ताला खोल दिया। छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई, तो सड़क जाम सहित व्यापक आंदोलन करेंगे। इसके कारण लगभग दो घंटे तक विद्यालय में पठन-पाठन पूरी तरह बाधित रहा।
Source link
स्कूल के प्रभारी HM बदलने के आदेश पर हंगामा:मधेपुरा में निवर्तमान को पद पर बनाए रखने की मांग, 2 घंटे स्कूल में तालाबंदी
