![]()
जींद पुलिस लाइन में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और विधायक कृष्ण मिड्ढा विशेष रूप से शामिल हुए। मंत्री ने कहा कि नशे खिलाफ लड़ाई केवल स्लोगन व नारों तक सीमित न रहे। सरकार ने नशा तस्करों की संपत्ति जब्त करने का प्रावधान किया है। विधायक ने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए समाज को पुलिस का सहयोग करना होगा। इससे पहले डीसी डॉ. वैशाली शर्मा और एसपी कुलदीप सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचने पर मंत्री और विधायक का स्वागत किया। प्राथमिकता से करें कार्रवाई- मंत्री मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल स्लोगन और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी के साथ एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए है। उन्होंने कहा कि नशे के साथ-साथ प्रदूषण, स्वच्छता तथा मिलावटखोरी जैसी अनेक गंभीर चुनौती भी सामने है। इन सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ आमजन की जागरूकता और सहयोग भी आवश्यक है। जीवन का संकल्प बनाए: मिड्ढा विधायक कृष्ण कुमार मिड्ढा ने कहा कि ‘नशे से दुश्मनी, शिक्षा से प्रेम’ का संदेश प्रत्येक परिवार और प्रत्येक युवा तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। सरकार द्वारा साइकिल यात्राओं, मैराथन, जागरूकता रैलियों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इन प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। हर व्यक्ति नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें। कलाकार अमित ढुल, केडी, संदीप शर्मा ने नशे के खिलाफ अलख जगाई।
Source link
स्लोगन- नारों तक सीमित न रहे नशे के खिलाफ लड़ाई:जींद में मंत्री व विधायक बोले- जब्त होगी संपत्ति; पुलिस का साथ दे समाज
