![]()
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद में मंगलवार को नई जिम्मेदारी संभालते हुए मीना कंबोज ने मानद महासचिव का पदभार ग्रहण किया। चंडीगढ़ स्थित परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सुमन सैनी की मौजूदगी रही। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। कार्यक्रम में हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शिनी सहित कई चेयरमैन और नेता भी मौजूद रहे। मीना कंबोज ने पदभार संभालते ही कहा कि परिषद के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा काम किए जाएंगे। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास को प्राथमिकता बताते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। 23 जुलाई से प्रभावी नियुक्ति मीना कंबोज की नियुक्ति के आदेश राज्यपाल एवं परिषद के अध्यक्ष प्रो. अशिम कुमार घोष द्वारा जारी किए गए थे। आदेशों के अनुसार उनकी नियुक्ति 23 जुलाई से प्रभावी मानी गई है। उनका कार्यकाल तीन वर्ष का निर्धारित किया गया है, हालांकि सक्षम प्राधिकारी आवश्यकता पड़ने पर कार्यकाल पूरा होने से पहले भी नियुक्ति समाप्त कर सकता है। साथ ही इस नियुक्ति को परिषद की कार्यकारी समिति से अनुमोदन मिलना भी जरूरी होगा। भाजपा संगठन में निभा चुकीं अहम जिम्मेदारी मीना कंबोज भाजपा की सक्रिय नेता रही हैं और करनाल भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। सामाजिक और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। उनकी नियुक्ति को संगठन और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान का सम्मान माना जा रहा है। क्या है हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद राज्य में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, संरक्षण और समग्र विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित करती है। यह परिषद सरकारी और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न योजनाओं को लागू करती है। मीना कंबोज की नियुक्ति से परिषद की गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Source link
हरियाणा बाल कल्याण परिषद की महासचिव बनीं मीना कंबोज:चंडीगढ़ में संभाला पदभार, बोलीं- बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर फोकस
