![]()
हरियाणा के फतेहाबाद में शनिवार शाम को ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल के बेटे और BJP नेता मनीष सिंगला का एक्सीडेंट हो गया। हिसार से सिरसा लौटते समय गिल्लाखेड़ा गांव के पास उनकी फॉर्च्यूनर के सामने अचानक बछड़ा आ गया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया। एयरबैग खुलने के कारण मनीष सिंगला बाल-बाल बच गए। हादसे में गाड़ी आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद मनीष सिंगला दूसरी गाड़ी से सिरसा के लिए रवाना हो गए। दो पॉइंट में जानिए कैसे हुआ हादसा…. 1. मामा के बेटे का हाल जानने गए थे जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेता मनीष सिंगला शनिवार को अपने मामा के बेटे का हाल जानने के लिए हिसार गए थे। उनके ममेरे भाई का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था। उनसे मिलने के बाद मनीष सिंगला शाम को फतेहाबाद होते हुए सिरसा लौट रहे थे। फतेहाबाद क्रॉस करने के बाद गिल्लाखेड़ा गांव के पास डिवाइडर पार कर अचानक एक बछड़ा उनकी फॉर्च्यूनर के सामने आ गया। 2. डिवाइडर क्रॉस करके आया बछड़ा इससे ड्राइवर का कार पर नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी बछड़े से टकरा गई। हादसे के समय कार में मनीष सिंगला के अलावा उनके ड्राइवर, PSO और PA भी सवार थे। टक्कर के बाद गाड़ी के सभी एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं लगी। हादसे में फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सिरसा से विधायक रह चुके गणेशी लाल प्रो. गणेशी लाल हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल हैं। उनका जन्म 1 मार्च 1941 को सिरसा में हुआ था। राजनीति में आने से पहले वे मैथ के प्रोफेसर रहे और हरियाणा के विभिन्न सरकारी कॉलेजों में पढ़ाया। वर्ष 1996 में वे सिरसा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए और हरियाणा सरकार में मंत्री भी रहे। 2004 से 2006 तक हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। 29 मई 2018 को उन्होंने ओडिशा के राज्यपाल पद की शपथ ली और 30 अक्टूबर 2023 तक इस पद पर रहे। उनके बेटे मनीष सिंगला भी भाजपा से जुड़े हुए हैं।
Source link
हरियाणा में पूर्व गवर्नर के बेटे का एक्सीडेंट:फॉर्च्यूनर के सामने बछड़ा आया, गाड़ी के सभी एयरबैग खुले; हिसार से सिरसा जा रहे थे
