Headlines

हांसी में पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत:साथी गंभीर घायल, बुआ से मिलकर वापस लौट रहे, एसी मैकेनिक था मृतक




हांसी में झंडेवाला मंदिर के पास बरवाला बाइपास पर रविवार की रात एक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई। बाइक सड़क किनारे खड़े कीकर के पेड़ से टकरा गई थी। इस हादसे में उसका एक साथी बुरी तरह घायल हो गया, जिसे हिसार रेफर किया गया है। मृतक की पहचान बवानी खेड़ा के गांव ढाणी कुशाल निवासी अमन के रूप में हुई है। घायल युवक जींद जिले के गांव छोटा दनोद निवासी शशि है। जानकारी के मुताबिक, अमन और शशि बाइक पर हिसार से हांसी की तरफ आ रहे थे। वे दोनों सिसाय पुल पर अपनी बुआ से मिलकर वापस घर लौट रहे थे। रात करीब 10:30 बजे जब वे झंडेवाला मंदिर पार कर शहनाई पैलेस के पास पहुंचे, तो उनकी बाइक अचानक सड़क किनारे खड़े कीकर के पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को हांसी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शशि को शुरुआती इलाज के बाद हिसार रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि अमन दसवीं कक्षा के बाद एसी रिपेयरिंग का काम करता था। वह अपने दो भाईयों में बड़ा था, एक भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। अमन के पिता एक डॉक्टर के ड्राइवर हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण हांसी के सरकारी अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार में गम का माहौल है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *