Headlines

7-8 किमी दूर PHC पर ग्रामीणों को भरोसा नहीं:60 किमी दूर अस्पताल ले गए; कोरबा में सांप के डसने से छात्रा की मौत




कोरबा जिले में सांप के काटने के बाद 11 साल की पहाड़ी कोरवा छात्रा को समय पर इलाज नहीं मिल सका। परिजन उसे करीब 60 किलोमीटर दूर कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना कोरबा विकासखंड की देवपहरी ग्राम पंचायत के कनसरा गांव के परसपानी मोहल्ले की है। नागोराय की 11 साल की बेटी महिमा 7वीं में पढ़ती थी। परिवार जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान महिमा को किसी चीज ने काट लिया। उसकी चीख सुनकर परिजन जागे। उस समय उसकी हालत बिगड़ने लगी थी और नाक से खून निकल रहा था। परिजनों ने तुरंत कुनबे के मुखिया और सरपंच प्रतिनिधि अमृतलाल राठिया को इसकी जानकारी दी। सांप के काटने की आशंका पर ग्रामीण महिमा को निजी गाड़ी से अस्पताल ले जाने निकले। उन्होंने पास के लेमरू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने के बजाय सीधे करीब 60 किलोमीटर दूर कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाने का फैसला किया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिमा को मृत घोषित कर दिया। 7-8 किमी दूर PHC पर ग्रामीणों को भरोसा नहीं परिजनों का कहना है कि उन्हें लेमरू PHC पर भरोसा नहीं था। उनका आरोप है कि वहां मरीजों को प्राथमिक इलाज देने के बजाय सीधे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। जरूरी जांच और एंटी स्नेक वेनम की सुविधा भी नहीं मिलती। इसी वजह से उन्होंने समय बचाने के लिए सीधे मेडिकल कॉलेज जाने का फैसला किया। संसाधन और स्टाफ की कमी का आरोप सरपंच प्रतिनिधि अमृतलाल राठिया ने लेमरू PHC की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जरूरी संसाधन, दवाएं और स्टाफ की कमी है। इस वजह से मरीजों को हायर सेंटर भेज दिया जाता है। उनका कहना है कि अगर PHC में व्यवस्था बेहतर हो तो ग्रामीणों को इलाज के लिए 60 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। उंगली पर मिले सांप के काटने के निशान जिला स्तरीय रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि महिमा के बाएं हाथ की उंगली पर सांप के काटने के दो छोटे निशान मिले हैं। आशंका है कि उसे काले करैत सांप ने डसा था। करैत के काटने को ‘साइलेंट बाइट’ कहा जाता है। इसमें कई बार जलन या दर्द महसूस नहीं होता, लेकिन तुरंत इलाज की जरूरत होती है। अस्पताल पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *