![]()
हिमाचल प्रदेश में आर्थिक संकट के बीच बोर्डों और निगमों के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन का दैनिक भत्ता तीन गुना बढ़ा दिया गया है। पहले उन्हें 400 रुपए प्रतिदिन भत्ता मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 1,200 रुपए कर दिया गया है। इस संबंध में वित्त विभाग ने नोटिफिकेशन जारी कर दी है। सरकार ने बढ़ती यात्रा लागत और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार, बढ़ा हुआ भत्ता केवल राज्य से बाहर आधिकारिक यात्रा के दौरान लागू होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी अधिसूचनाओं के अन्य नियम और शर्तें यथावत रहेंगी। पिछले साल मानदेय, इस साल दैनिक भत्ता बढ़ाया सरकार ने जुलाई 2025 में बोर्डों और निगमों के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों के मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की थी। उनका मासिक मानदेय 30 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपए किया गया था। अब भत्ते में भी तीन गुणा बढ़ौतरी की गई। इसके अलावा इन्हें 25 हजार रुपए एचआरए, 3500 रुपए सत्कार भत्ता, 2500 रुपए वाहन भत्ता और 900 रुपए टेलीफोन भत्ता निर्धारित किया गया था। पौने चार साल में 25 से ज्यादा बोर्ड-निगमों में नियुक्तियां मौजूदा कांग्रेस सरकार 25 से ज्यादा बोर्डों और निगमों में राजनीतिक नियुक्तियां कर चुकी हैं। ऐसे में दैनिक भत्ते में यह बढ़ोतरी इन नियुक्तियों के बाद सरकार की ओर से अध्यक्षों-उपाध्यक्षों को मिलने वाली सुविधाओं में एक और इजाफा है। वित्तीय संकट के बीच बढ़ोतरी पर नजर हिमाचल सरकार वित्तीय संकट का सामना कर रही है। ऐसे में बोर्डों और निगमों के राजनीतिक पदाधिकारियों के मानदेय और भत्तों में बढ़ोतरी सरकार के खर्च और प्राथमिकताओं को लेकर चर्चा का विषय बन गई है। सरकार ने नोटिफिकेशन की प्रतियां सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) और महालेखाकार (ऑडिट) को भेज दी है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए है।
Source link
हिमाचल- चेयरमैन और वाइस-चेयरमैन का दैनिक भत्ता 3 गुणा बढ़ाया:पहले ₹400 मिलता था, अब ₹1200 मिलेगा; राज्य से बाहर यात्रा पर लागू होगा
