हिमाचल में पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी:राहगीर समेत दो की मौत, 13 घायल; PHC बंद होने पर बड़सर अस्पताल पहुंचाए घायल




हिमाचल प्रदेश में रविवार देर रात पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध मंदिर से अमृतसर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस बिलासपुर जिले के शाहतलाई में पलट गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक राहगीर और एक श्रद्धालु शामिल हैं। वहीं 13 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। 9 घायलों का उपचार सिविल अस्पताल बड़सर में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ और दो को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बस में 35 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे। सभी पंजाब के अमृतसर से बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन करने आए थे और माथा टेकने के बाद अमृतसर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे शाहतलाई के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। एक राहगीर भी चपेट में आया बताया जा रहा है कि हादसे के समय एक व्यक्ति सड़क पर पैदल जा रहा था। अनियंत्रित बस उस राहगीर पर पलटी। इससे राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस में सवार एक श्रद्धालु की भी जान गई है। मौके पर मची चीख-पुकार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला। शाहतलाई में PHC बंद, फिर घायलों को बड़सर अस्पताल ले गए घायलों को सबसे पहले शाहतलाई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया, लेकिन वहां स्वास्थ्य केंद्र बंद होने के कारण उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल बड़सर रेफर किया गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *