![]()
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र तीन दिन के अवकाश के बाद आज दोपहर 2 बजे फिर शुरू होगा। सदन में प्रश्नकाल के दौरान कुल्लू अस्पताल में प्रसूता मंजू शर्मा की मौत का मामला गूंजेगा। इस मामले को लेकर कुल्लू में लोगों ने आंदोलन किया था और आमरण अनशन भी किया गया था। आंदोलन के दौरान कई लोगों के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई थी। मंजू शर्मा की मौत से जुड़े इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा में सवाल लगाया है। प्रश्नकाल के दौरान इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। मामले को लेकर विपक्ष के हंगामे के भी आसार हैं। बता दें कि एक जून को कुल्लू अस्पताल में प्रसव को आई मंजू शर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने डॉक्टरों पर कथित लापरवाही के आरोप लगाए थे। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े सवाल भी उठेंगे प्रश्नकाल में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कई अन्य सवाल भी सदन में उठेंगे। विधायक अपने क्षेत्रों और प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे। बेरोजगारी और कांग्रेस की गारंटी पर चर्चा जारी रहेगी प्रश्नकाल के बाद बेरोजगारी के मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा जारी रहेगी। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा, राकेश जम्वाल, रणधीर शर्मा, हंसराज और जेआर कटवाल ने बेरोजगारी और कांग्रेस की गारंटियों को लेकर चर्चा के लिए प्रस्ताव दिया है। इस मुद्दे पर सदन में पहले भी चर्चा हो चुकी है। कांग्रेस की गारंटी पर सत्तापक्ष को घेरेगा विपक्ष चर्चा के अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की ओर से जवाब देंगे। भाजपा की ओर से बेरोजगारी और कांग्रेस की चुनावी गारंटियों को लेकर सरकार से जवाब मांगा जा रहा है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान हर साल एक लाख और पांच साल में पांच लाख नौकरी का वादा किया था। मगर पौने चार साल में चंद हजार लोगों को ही रोजगार दिया जा सका है।
Source link
हिमाचल विधानसभा में गूंजेगा गर्भवती मंजू शर्मा मौत मामला:डॉक्टरों की लापरवाही से गई थी जान, बेरोजगारी पर सदन में जारी रहेगी चर्चा
