![]()
हिसार जिले के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निशुल्क कानूनी सहायता और डिजिटल न्यायिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए राज्यव्यापी दिशा मोबाइल वैन शहर में पहुंची। इस वैन ने शहर के अलग-अलग इलाकों और गांवों में घूमकर लोगों को कानूनी सेवाओं, टेली-लॉ सुविधा और न्याय पाने की प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी दी। इस अभियान के दौरान लोगों ने मोबाइल वैन में दिखाई गई जानकारी को ध्यान से देखा और कानूनी मामलों से जुड़े सवाल भी पूछे। ऑडियो-वीडियो के जरिए दी जानकारी सीएससी के जिला प्रबंधक विकास वर्मा ने बताया कि दिशा मोबाइल वैन में एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और ऑडियो-वीडियो सामग्री लगाई गई है। इसके जरिए लोगों को अलग-अलग कानूनी नियमों, सरकारी योजनाओं, निशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, टेली-लॉ सेवा और न्याय पाने की प्रक्रिया के बारे में आसान भाषा में जानकारी दी जा रही है। अनुभवी वकीलों से ले सकते हैं कानूनी सलाह उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई लोग अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सुविधाओं का फायदा नहीं उठा पाते। इसलिए, इस तरह के अभियान समाज के लिए बहुत काम के साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक अपने नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर टेली-लॉ सेवा के जरिए अनुभवी वकीलों से ऑनलाइन कानूनी सलाह ले सकते हैं। निशुल्क दी जा रही सुविधा विकास वर्मा ने बताया कि यह सुविधा आम लोगों को निशुल्क दी जा रही है, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के लोगों को भी कानूनी सहायता आसानी से मिल सके। सीएससी की ओर से नागरिकों से गुजारिश की गई है कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और सरकार द्वारा दी जा रही कानूनी और डिजिटल न्याय सेवाओं का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाएं।
Source link
हिसार पहुंची दिशा मोबाइल वैन:ऑडियो-वीडियो के जरिए बताए कानूनी अधिकार; ग्रामीणों को टेली-लॉ सुविधा का बताया लाभ
