![]()
सुपौल सदर थाना क्षेत्र के गौरवगढ़ वार्ड नंबर-6 स्थित सान्वी पब्लिक स्कूल के नए हॉस्टल की छत पर रविवार को पहली कक्षा के छात्र का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक की पहचान पारीकोंच पंचायत के वार्ड नंबर-7 निवासी शिव शंकर भारती के पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। छात्र के गले में गमछा और बेल्ट का फंदा लगा मिला। उसके चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद परिजनों ने छात्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… छत पर पड़ा मिला मासूम, गले में लगा था फंदा रविवार दोपहर करीब एक बजे कुछ छात्रों की नजर हॉस्टल की छत पर पड़े प्रियांशु पर गई। उसके गले में गमछा और बेल्ट लगा हुआ था। छात्रों ने तत्काल इसकी जानकारी हॉस्टल के गार्ड को दी। गार्ड ने स्कूल संचालक संतोष कुमार को सूचना दी, जिसके बाद छात्र को नीचे लाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया घटना के बाद शिक्षक के साथ प्रियांशु को शहर के अनंत प्रेरणा हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. बीके यादव ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप- सामान्य नहीं है बच्चे की मौत मृतक के पिता शिव शंकर भारती ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बेटे की मौत सामान्य घटना नहीं है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। एक बजे घटना, तीन बजे परिवार को दी गई सूचना परिजनों ने सूचना देने में देरी पर भी सवाल उठाया है। पिता के अनुसार घटना दोपहर करीब एक बजे हुई, जबकि परिवार को इसकी जानकारी लगभग तीन बजे दी गई। इस अंतराल को लेकर भी परिजन कई सवाल उठा रहे हैं। संचालक बोले- सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्कूल संचालक संतोष कुमार ने बताया कि घटना के समय वह खाना खाने गए थे। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्र की मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। संचालक के अनुसार नया हॉस्टल होने के कारण अभी वहां CCTV कैमरे नहीं लगाए गए हैं। पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी एसडीपीओ दिलीप कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने छात्र की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत फंदे से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।
Source link
हॉस्टल की छत पर मिला फस्ट-क्लास के छात्र का शव:गले में गमछा-बेल्ट का फंदा, चेहरे पर चोट के निशान; परिजन बोले-'हत्या हुई'
