![]()
देवघर में राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओमजी पेड़ा भंडार से जब्त 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को पूरी तरह नष्ट करा दिया। यह कार्रवाई विभाग की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पूर्व रात्रि में जब्त किए गए इस भारी मात्रा में पेड़ा को विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से जमीन में दफनाया गया। इसमें मिलावट का पता चला था। अधिकारियों ने मौके पर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री पूरी तरह खत्म कर दी जाए। घोरमारा के कई दुकानों की हुई पड़ताल इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने घोरमारा क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान भी चलाया। उपायुक्त देवघर के निर्देश पर गठित विशेष टीमों और खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता दल ने मां दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दुकानों में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के सभी मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। मेला अवधि तक चलेगा अभियान खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से वैध लाइसेंस के साथ मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री तैयार और बेचने की अपील की है। वहीं श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि किसी भी संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थ की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Source link
1060 किलो मिलावटी पेड़ा मिट्टी में गाड़ा:देवघर के घोरमारा में ओमजी पेड़ा भंडार पर सबसे बड़ी कार्रवाई, कई दुकानों की हुई पड़ताल
