Headlines

पानीपत में NH-71A पुल निर्माण को लेकर ग्रामीण एकजुट:पानीपत में गलत कटों पर भी जताया विरोध; महापंचायत कर आंदोलन की चेतावनी दी




पानीपत जिले के गांव नौल्था में 2 अगस्त को NH- 71A पर प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर एक महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों ने पुल को मिट्टी के बजाय पिलर आधारित बनाने और गलत जगह दिए गए कटों को सुधारने की मांग की। नरवान पाना की चौपाल में आयोजित इस महापंचायत की अध्यक्षता मास्टर ईश्वर सिंह जागलान ने की, जबकि इसका नेतृत्व संत सोमवार नाथ ने किया। पंचायत का संचालन मनोज जागलान ने किया, जिसमें 36 बिरादरी के लोगों ने भाग लिया। पिलर वाले पुल बनाने की मांग पर अड़े ग्रामीण महापंचायत का नेतृत्व करते हुए बाबा सोमवार नाथ ने कहा कि बढ़ती आबादी और आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों को देखते हुए पिलर का पुल अधिक फायदेमंद होगा। उन्होंने बताया कि यहां से जींद, सफीदों, समालखा, गन्नौर, भादड़, जाटल और सुताना जैसे स्थानों के लिए सड़कें निकलती हैं। बाबा सोमवार नाथ ने यह भी बताया कि क्षेत्र में 100 से अधिक बड़ी फैक्ट्रियां हैं, जहां से बड़े ट्रक और ट्राले गुजरते हैं। मिट्टी का पुल बनने से सर्विस रोड काफी संकरी हो जाएगी, जिससे किसानों को खेतों में आने-जाने में भी परेशानी होगी। इसलिए ग्रामीणों की मांग है कि पुल का निर्माण पिलर से किया जाए। हाइवे में बनाए गए कट को भी बताया गलत नौल्था डुंगरान के सरपंच पति नीरज कौशिक ने कहा कि मिट्टी का पुल गांव के विकास को बाधित करेगा। उन्होंने NHAI द्वारा दिए गए कटों को भी गलत बताया, क्योंकि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण बड़े वाहनों को मुड़ने में काफी दिक्कत होगी। उन्होंने सरकार से मांग की है कि कटों को आने-जाने वाली सड़कों के सामने दिया जाए, ताकि किसानों और व्यापारियों को असुविधा न हो। इस अवसर पर सरपंच बलराज जागलान ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गांव नौल्था को गोद ले रखा है। ग्राम पंचायत पुल के मुद्दे पर उनसे और हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पवार से मिल चुकी है। जिला उपायुक्त के माध्यम से पिलर आधारित पुल निर्माण का आश्वासन मिला है। महापंचायत में यह भी फैसला लिया गया कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *