Headlines

25 फीट ऊंची मटकी फोड़ने चार स्टेप का पिरामिड बनाया:कुणाल की टोली ने एक घंटे मशक्कत के बाद मटकी फोड़ी, स्टेडियम कृष्ण जयकारों से गूंजा




श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर शनिवार देर रात बैतूल के स्टेडियम में मटकी फोड़ का आयोजन हुआ। करीब 25 फीट ऊंचाई पर बांधी गई मटकी को फोड़ने के लिए ग्वाल समाज के युवकों ने चार स्टेप का मानव पिरामिड बनाया। कुणाल यादव और उनकी टोली ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मटकी फोड़ी। मटकी फूटते ही पूरा स्टेडियम श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। कई कृष्ण भक्त इस आयोजन को देखने के लिए मौजूद रहे। स्टेडियम में देर रात तक चले इस आयोजन में अखाड़ा प्रदर्शन और आतिशबाजी भी खास रही। युवाओं के अखाड़ा प्रदर्शन ने दर्शकों को खूब पसंद आया। इस दौरान पूरा स्टेडियम कृष्ण भक्ति और उत्साह से भरा रहा। स्टेडियम में रात का मुख्य मटकी फोड़ कार्यक्रम श्री राधा कृष्ण मंदिर समिति ने आयोजित किया। इस कार्यक्रम का संयोजक जय भोले रामायण मंडल था। आयोजन में श्री कृष्ण रामायण भजन मंडल, ग्वाल टोली कृष्णपुरा टिकारी और समस्त यादव समाज टिकारी के सदस्यों का सहयोग मिला। शहर में शोभायात्रा भी निकली
इससे पहले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में शोभायात्रा निकाली गई। ग्वाल टोली कृष्णपुरा, टिकारी स्थित बजरंग मंदिर से शुरू हुई इस शोभायात्रा में कई श्रद्धालु और यादव समाज के लोग शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ शोभायात्रा गोला ग्राउंड, यादव कॉलोनी, शिव मंदिर, आदर्श चौक, जय शिव भोले पंडाल, भगतजी चौक, चंडी दरबार, महाकाल मंदिर और थाना चौक होते हुए आगे बढ़ी। यह शोभायात्रा मरही माता, कृष्ण मंदिर, दुर्गा मंदिर, लल्ली चौक और ईसाई चौक होते हुए गोला ग्राउंड स्थित यादव मंगल भवन पहुंची। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह मटकी फोड़ कार्यक्रम हुए। युवाओं ने उत्साह के साथ मटकी फोड़ी और कई जगहों पर अखाड़ों का प्रदर्शन भी किया। जन्मोत्सव को लेकर शहर में जगह-जगह भंडारे और प्रसादी का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *