Headlines

3 वरिष्ठ पत्रकारों के पिता रामनाथ चौधरी का निधन:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज खगड़िया में देंगे श्रद्धांजलि, BDO के पद से हुए थे सेवानिवृत्त




खगड़िया के प्रतिष्ठित समाजसेवी और बिहार प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी रामनाथ चौधरी का 27 जून को 87 वर्ष की आयु में पटना के मगध कैंसर अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन से जिले सहित पूरे राज्य के प्रशासनिक, सामाजिक और मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वे दैनिक जागरण के वरिष्ठ पत्रकार मनीष कुमार, ईटीवी भारत के पत्रकार रजनीश चंद्र और इंडिया टीवी के बिहार ब्यूरो चीफ नीतीश चंद्र के पिता थे। रामनाथ चौधरी के निधन की खबर मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों ने गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने उन्हें एक ईमानदार, कर्मठ और सरल व्यक्तित्व का धनी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका अंतिम संस्कार 28 जून को खगड़िया सदर प्रखंड के रहीमपुर स्थित गंगा तट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ किया गया। उनके बड़े बेटे मनीष कुमार ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। आज CM खगड़िया पहुंचकर देंगे श्रद्धांजलि विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को खगड़िया पहुंचेंगे। वे दिवंगत रामनाथ चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और एनएच-31 स्थित गोल्डेन रिजॉर्ट में आयोजित शोक-संवेदना कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। BDO के पद से हुए थे सेवानिवृत्त मूल रूप से खगड़िया सदर प्रखंड के रहीमपुर निवासी रामनाथ चौधरी ने बिहार प्रशासनिक सेवा में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं। वे सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान वे निष्पक्ष प्रशासन, ईमानदारी, सादगी और जनसेवा के लिए जाने जाते थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे खगड़िया शहर के जयप्रकाश नगर स्थित अपने आवास पर सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे। रामनाथ चौधरी के तीनों बेटे पत्रकारिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान रखते हैं। मनीष कुमार दैनिक जागरण में वरिष्ठ पत्रकार, रजनीश चंद्र ईटीवी भारत में वरिष्ठ पत्रकार तथा नीतीश चंद्र इंडिया टीवी में बिहार ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता के निधन पर देशभर के पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *