![]()
करौली सदर थाना क्षेत्र के फूले की झोपड़ी (चौरण्डापुरा) में आपसी रंजिश के चलते हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल अशोक गुर्जर की जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। छह लोग हुए थे घायल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा ने बताया कि फूले की झोपड़ी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हिंसक झगड़ा हुआ था। इस संघर्ष में कुल छह लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल अशोक गुर्जर और भूर सिंह को जयपुर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान अशोक गुर्जर पुत्र कदम गुर्जर की मौत हो गई, जबकि भूर सिंह का इलाज जारी है। एफआईआर में लगाए गंभीर आरोप मृतक के पिता कदम गुर्जर की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, 16 जुलाई को अशोक गुर्जर को रास्ते में घेरकर लाठी, सरियों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हुए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावर घरों में घुस गए और महिलाओं सहित अन्य परिजनों के साथ मारपीट की। प्रदर्शन के बाद प्रशासन का आश्वासन अशोक की मौत के बाद परिजन शव लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा और डीएसपी अनुज शुभम ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजन शव लेकर गांव रवाना हो गए। आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link
आपसी रंजिश में झगड़ा, एक की मौत:परिजन शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, प्रदर्शन कर कार्रवाई मांगी
