![]()
रामगढ़ के गोला प्रखंड के सूतरी गांव में जंगली हाथियों का एक बड़ा झुंड पहुंच गया है। यह झुंड लगातार किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों ने मकई, धान और अन्य मौसमी फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया है। हाथियों के इस दल ने केवल फसलों को ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों के घरों को भी क्षतिग्रस्त किया है। कई घरों के दरवाजे तोड़कर अंदर रखे अनाज, जिनमें मिड डे मील का चावल भी शामिल है, खा जाने की घटनाएं सामने आई हैं। 20 हाथियों का झुंड रात के समय रिहायशी इलाकों और खेतों में प्रवेश करता है। इनकी लगातार मौजूदगी से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। हाथियों के उत्पात के कारण ग्रामीण रातभर जागकर रतजगा करने को मजबूर हैं। फसल लगाने का समय होने के कारण ग्रामीण विशेष रूप से चिंतित हैं, क्योंकि फसलों के बर्बाद होने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार कोई सकारात्मक पहल नहीं दिख रही है। यह पहली बार नहीं है; इससे पहले भी हाथियों का झुंड गोला, छतरपुर और मकनपुर जैसे क्षेत्रों में फसलों को बर्बाद कर चुका है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि उन्हें रात में गश्त के लिए टॉर्च उपलब्ध कराई जाए और हाथियों को भगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि वे सुरक्षित रह सकें और उनकी फसलें बच सकें।
Source link
रामगढ़ के गोला पहुंचा हाथियों का झुंड:फसलों को कर रहा बर्बाद, ग्रामीणों में दहशत; रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हुए लोग
