Headlines

रांची में कोयले के धुएं से मां-बेटे की मौत:कमरे में चूल्हा रखने से हुआ हादसा, दम घुटने से हुई मौत; दो की स्थिति गंभीर




राजधानी रांची के चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में शुक्रवार सुबह एक किराए के मकान से मां-बेटे का शव मिला। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। पिंकी की 15 वर्षीय ननद चंदा कुमारी और चार वर्षीय बेटी प्राची कुमारी गंभीर रूप से घायल मिलीं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना घर में कोयले के जलते चूल्हे को रखने के कारण हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार रात पिंकी देवी ने कोयले के चूल्हे पर खाना बनाया था। खाना खाने के बाद वह चूल्हे को कमरे से बाहर निकालना भूल गईं और कमरा बंद करके सो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर उसे खोला गया। अंदर पिंकी देवी, उनके दोनों बच्चे और ननद बेहोश पाए गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पिंकी देवी और उनके ढाई वर्षीय बेटे श्रवण कुमार को मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही रातू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि मां और बच्चे की मौत दम घुटने से हुई है। पुलिस ने कमरे से कोयले का चूल्हा बरामद किया है। कमरे में वेंटिलेशन का कोई रास्ता नहीं था थाना प्रभारी ने बताया कि कमरे में वेंटिलेशन का कोई रास्ता नहीं था, जिससे दम घुटने की आशंका है। मृतक पिंकी देवी की बेटी प्राची कुमारी और ननद चंदा कुमारी का इलाज जारी है। बताते चलें कि मृतका पिंकी देवी के पति चंदन साहू के कुछ वर्षों पहले निधन के बाद से वह रांची में एक कपड़ा दुकान में काम करती थी। पिंकी देवी मुख्य रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदाम गांव की रहने वाली हैं । वे अपने पुत्र, पुत्री और ननद के साथ चटकपुर शांति नगर पोखर टोला में धन्नू यादव के मकान में किराए पर रहती थीं। परिवार करीब ढाई वर्षों से यहां किराए पर रह रहा था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *