![]()
नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी नामी कंपनी के नाम से नकली ‘ऑक्साल्जिन डीपी’ दवा का निर्माण, भंडारण और बिक्री कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। औषधि विभाग को शहर में नकली दवाओं की बिक्री और सप्लाई को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान अधिकारियों को जानकारी मिली कि बाजार में एक प्रतिष्ठित कंपनी के नाम से नकली दवा बेची जा रही है। इसके बाद औषधि निरीक्षक की शिकायत पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने कथित दवा माफिया सुरेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नकली दवाओं के कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसके संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली दवाओं की सप्लाई के लिए एक नेटवर्क काम कर रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और कितनी मात्रा में नकली दवाएं बाजार तक पहुंचाई गईं। कोतवाली पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नकली दवाओं के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नकली दवा बनाने के आरोप में दवा कारोबारी गिरफ्तार:आरोपी नकली पेन किलर ‘ऑक्साल्जिन डीपी’ का रहा था निर्माण, भंडारण और बिक्री
