![]()
फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ में चार दिनों से लापता 12वीं कक्षा के छात्र का शव शनिवार को भाखड़ा नहर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान नसराली निवासी 17 वर्षीय ईशान अहमद के रूप में हुई है। ईशान गोबिंदगढ़ पब्लिक स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, ईशान अहमद 15 जुलाई की सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए बाइक पर निकला था। हालांकि, वह स्कूल नहीं पहुंचा और घर भी वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उसकी मोटरसाइकिल गांव खालसपुर के पास भाखड़ा नहर के किनारे लावारिस हालत में मिली। परिजनों ने तुरंत दी पुलिस को सूचना परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नहर में ईशान की तलाश शुरू करवाई। लगातार चार दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद शनिवार को पातड़ां क्षेत्र में भाखड़ा नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी स्कूल की टी-शर्ट के आधार पर शव की पहचान ईशान अहमद के रूप में की। शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी गोबिंदगढ़ के सिविल अस्पताल लाया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फतेहगढ़ साहिब में स्कूल गया किशोर घर नहीं लौटा:4 दिन बाद भाखड़ा नहर में मिला 12वीं के छात्र का शव, टी-शर्ट से हुई पहचान
