![]()
कभी कल्पना की है कि आपके कपड़े किसी जासूसी फिल्म किरदार की तरह आपको कैमरों की नजर से गायब कर सकते हैं? बिल्कुल, यह संभव है। ब्रिटेन और यूरोप के फैशन बाजारों में एक अनोखा ट्रेंड तहलका मचा रहा है, जिसे ‘एडवर्सरिअल क्लोदिंग’ यानी एंटी-सुरक्षात्मक कपड़े कहा जा रहा है। ये ऐसे कपड़े हैं जिन्हें खास तौर पर सड़कों पर लगे ‘फेशियल रिकग्निशन’ (चेहरा पहचानने वाले) कैमरों को भ्रमित करने के लिए डिजाइन किया गया है। डिजाइनरों का मानना है कि यह इनोवेशन जल्द ही वार्डरोब का हिस्सा बनने वाला है। आधुनिक कंप्यूटर विजन और एआई कैमरे इंसानी चेहरों को पहचानकर उनका पीछा कर सकते हैं। लेकिन, इन पर अजीबोगरीब आकृतियां, खास रंग और बार-बार दोहराए जाने वाले पैटर्न बने होते हैं। ‘अर्बन प्राइवेसी’ ब्रांड के कोफाउंडर डैनियल प्रुस बताते हैं,‘ एक साथ कई चेहरे देखने पर चेहरा पहचानने वाले सिस्टम तब पूरी तरह भ्रमित हो जाते हैं, जब वे हमारे कपड़ों के अलग-अलग पैटर्न और एल्गोरिदम में उलझ जाते हैं।’ इतना ही नहीं, उनके ब्रांड का ‘अर्बन घोस्ट’ कोट हुड में लगी एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल करता है, जो इंफ्रारेड रोशनी छोड़कर नाइट-विजन कैमरों को भी चकमा दे देती हैं। वहीं, ‘कैपेबल’ जैसे ब्रांड्स के कपड़े भी एआई के लिए पहचान करना बेहद मुश्किल बना देते हैं। ‘कैपेबल’ की फाउंडर राकेले डिडेरो कहती हैं, ‘जब मैंने यह काम शुरू किया, तो लोग सोचते थे कि मैं बैंक लूटने के लिए मास्क बना रही हूं। पर, आज की पीढ़ी प्राइवेसी चाहती है। ये उन लोगों के लिए बहुत मददगार होंगे, जो विदेश में रहकर रंगभेद जैसी चुनौतियों से जूझते हैं।’ विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कोई बड़ी सेलिब्रिटी इसे किसी बड़े इवेंट में पहन ले, तो यह रातों-रात दुनिया का सबसे बड़ा ट्रेंड बन जाएगा। हालांकि, ‘वोलेबैक’ ब्रांड के निक टिडबॉल ने इसे लेकर दिलचस्प चेतावनी भी दी है… ‘अगर ये कपड़े सचमुच कैमरों को पूरी तरह नाकाम करने में कामयाब रहे, तो मामला तुरंत राजनीतिक हो जाएगा। ऐसी स्थिति में सरकारें इन कपड़ों को पहनने पर प्रतिबंध भी लगा सकती हैं।’ बड़े पैमाने पर कपड़े पहनने का तरीका बदल देगा ये ट्रेंड एक्सपर्ट का मानना है कि कोई भी डिजाइन 100% सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकता, क्योंकि सर्विलांस सिस्टम बहुत शक्तिशाली होते हैं। क्रिएटिव एआई और डिजिटल कल्चर की सीनियर लेक्चरर डॉ. जेनिफर बेल कहती हैं, ‘भले ही ये डिजाइन पूरी तरह से काम न करें, लेकिन यह फैशन सामूहिक प्रतिरोध का प्रतीक है। कम होती कीमतों के कारण यह काउंटर-कल्चर फैशन जल्द ही मुख्य धारा बन सकता है। अब ये ड्रेस आसानी से उपलब्ध हैं, जिससे बड़ा सांस्कृतिक बदलाव आ रहा है।’
Source link
एडवर्सरिअल क्लोदिंग; अजीबोगरीब पैटर्न इसकी खासियत:ये इनोवेटिव कपड़े आपकी पहचान इतनी बदल देंगे कि कैमरा-एआई भी भ्रम में पड़ जाएगा
