Headlines

करैत सांप ने 10 वर्षीय मासूम को डंसा, हालत गंभीर:घर के पास खेलते समय हादसा, झाड़फूंक से बिगड़ी तबीयत; पटना रेफर




जमुई के सोनो प्रखंड स्थित तिलवेरिया गांव में करैत सांप के डंसने से 10 वर्षीय मासूम दिलखुश कुमार की हालत गंभीर हो गई है। झाड़फूंक के कारण इलाज में हुई देरी से बच्चे की तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, तिलवेरिया गांव निवासी महेश यादव का पुत्र दिलखुश कुमार अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसे करैत सांप ने डंस लिया। घटना के बाद परिजनों ने सांप को मार दिया, लेकिन बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय स्थानीय ओझा के पास झाड़फूंक कराने ले गए। काफी देर तक झाड़फूंक का सिलसिला चलता रहा, लेकिन बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ, बल्कि वह लगातार बिगड़ती गई और अंततः वह बेहोश हो गया। स्थिति गंभीर होने पर परिजन आनन-फानन में दिलखुश कुमार को सदर अस्पताल, जमुई लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे एंटीवेनम इंजेक्शन सहित आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि, बच्चे की हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल, उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि सांप काटने की स्थिति में झाड़फूंक जैसे अंधविश्वासों पर भरोसा करने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए। समय पर एंटीवेनम मिलने से अधिकांश मरीजों की जान बचाई जा सकती है, जबकि इलाज में देरी जानलेवा साबित हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *