![]()
मैनपुरी में रेलवे पुल के नीचे बह रहे गंदे नाले में एक युवती तेज बहाव के साथ बहती हुई दिखाई दी। राहगीरों ने युवती को बहते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 और शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नाले से बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार युवती की पहचान गोवर्धन नगर निवासी ज्योति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने भांवत चौराहे से आगे पावर हाउस रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रक के नीचे से गुजर रहे गंदे नाले में अज्ञात कारणों से छलांग लगा दी। नाले में तेज बहाव होने के कारण वह करीब 300 मीटर तक बहती चली गई। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से उसकी जान बच गई। पुलिस ने मौके पर ही युवती से पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। शराब के नशे में मिली, पूछताछ के दौरान करती रही गाली-गलौज प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाले से बाहर निकाले जाने के बाद भी युवती शराब के नशे में थी। पूछताछ के दौरान वह गाली-गलौज करती रही और यह भी नहीं बता सकी कि उसने नाले में छलांग क्यों लगाई। पुलिस ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसके परिजनों को मौके पर बुलाया। स्थानीय लोगों का दावा- अक्सर करती है ऐसी हरकतें मोहल्ले के लोगों का कहना है कि ज्योति अक्सर शराब के नशे में रहती है और आए दिन इस तरह की हरकतें करती है। लोगों के मुताबिक उसकी गतिविधियों के कारण कई बार मोहल्ले में विवाद की स्थिति बन चुकी है। ऐसी घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस भी कई बार मौके पर पहुंच चुकी है, लेकिन हर बार समझाइश देकर मामला शांत कराया गया। चार दिन पहले कलेक्ट्रेट पहुंची थी घायल, दो दिन पहले भी हुआ था विवाद स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब चार दिन पहले भी ज्योति खून से लथपथ हालत में कलेक्ट्रेट पहुंची थी। वहीं दो दिन पहले एलाऊ थाना क्षेत्र में भी उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी। इन घटनाओं के बावजूद उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। मोहल्लेवासियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से युवती के मामले में उचित कार्रवाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उसकी लगातार ऐसी हरकतों से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और पुलिस व स्थानीय लोगों को बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि समय रहते इस मामले में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पूछताछ के बाद परिजनों को सौंपा शहर कोतवाली पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और औपचारिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवती के परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में फिलहाल आवश्यक कार्रवाई की गई है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
Source link
मैनपुरी में युवती नाले में बहती मिली:शराब के नशे में रेलवे ट्रैक से लगाई थी छलांग, पुलिस ने बचाया
