Headlines

जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में दूसरी गिरफ्तारी:ढाई महीने से झांसी में छिपा था आरोपी, प्रदीप तिवारी समेत तीन अब भी फरार




पलामू के चर्चित जमीन कारोबारी विनीत तिवारी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया है। पलामू पुलिस ने मंगलवार को उसे दबोचा और ट्रांजिट रिमांड पर मेदिनीनगर लाने के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बड़कागांव निवासी प्रशांत गिरफ्तारी के डर से ढाई महीने से झांसी में किराये के मकान में छिपा हुआ था। इस हत्याकांड में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जमीन को लेकर विवाद था एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि रेडमा निवासी विनीत तिवारी और दिलीप तिवारी जमीन के कारोबार से जुड़े थे। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद था। इसी रंजिश में 25 अप्रैल की देर शाम दिलीप के भाई प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल ने अपने साथियों प्रशांत तिवारी, रोशन तिवारी और राकेश तिवारी के साथ मिलकर विनीत तिवारी का उनके घर के पास से कार में अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने शराब के नशे में विनीत के साथ बेरहमी से मारपीट की और गमछे से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। बाद में शव को सदर थाना क्षेत्र के जोरकट स्थित नेशनल हाईवे किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया, जहां से पुलिस ने उसे बरामद किया था। घटना के एक सप्ताह के भीतर पुलिस ने दिलीप तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि प्रशांत झांसी में छिपा हुआ है। पुलिस की एक टीम ने झांसी पहुंचकर कई दिनों तक निगरानी की और मौका मिलते ही प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में प्रशांत तिवारी ने हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस को दिए हैं। प्रशांत तिवारी के घर कोर्ट का इश्तहार भी चस्पा किया जा चुका था, बावजूद इसके वह फरार चल रहा था। अब पुलिस की नजर मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल सहित शेष फरार आरोपियों पर है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *