Headlines

भागलपुर में मानसून सक्रिय, बारिश के बाद सड़कों पर पानी:भीगते हुए घर लौटे बच्चे, राहगीरों को आने-जाने में परेशानी




भागलपुर जिले में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम में बदलाव ला दिया है। तेज और हल्की फुहारों से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार को भी दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर का मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट आई। बारिश का सर्वाधिक प्रभाव शहर की जल निकासी व्यवस्था पर पड़ा। कई प्रमुख सड़कों पर नालों का पानी बहने लगा, जिससे राहगीरों और गाड़ी चालकों को परेशानी हुई। निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, वहीं कई मोहल्लों की गलियां भी पानी से भर गईं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की जल निकासी प्रणाली पर सवाल उठाए हैं। दोपहर बाद स्कूलों की छुट्टी होने पर बारिश के बावजूद बच्चों में उत्साह देखा गया। कई बच्चे छाते के साथ, तो कुछ बिना छाते के ही बारिश में भीगते हुए घर लौटे। हालांकि, अभिभावकों को जलभराव और फिसलन भरी सड़कों के कारण बच्चों की सुरक्षा की चिंता भी रही। वज्रपात और मेघगर्जन की भी आशंका जताई भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भागलपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जिले में मानसून सक्रिय रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। 24 से 27 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर वज्रपात और मेघगर्जन की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। जुलाई में अब तक बारिश की स्थिति

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जुलाई के शुरुआती दिनों में बारिश सामान्य से काफी कम रही थी। 13 जुलाई तक जिले में सामान्य 144.5 मिमी के मुकाबले केवल 72.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, यानी करीब 50 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। हालांकि पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण इस कमी में कुछ सुधार होने की संभावना है, लेकिन ताजा आधिकारिक मासिक प्रतिशत अभी जारी नहीं किया गया है।

लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई है। धान की रोपनी में तेजी आने की उम्मीद है, वहीं मौसम विभाग ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *