![]()
बेगूसराय में गुरुवार (23 जुलाई) को छात्र आंदोलन के दौरान जमकर बवाल और उपद्रव हुआ। जीडी कॉलेज से निकले सैकड़ों छात्रों के हुजूम के बीच शामिल उपद्रवियों ने समाहरणालय, कैंटीन चौक और ट्रैफिक चौक के पास पुलिस टीम पर पथराव किया। सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया और मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही अब तक 30 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से पहचान में मदद की अपील की गई है। एसपी मनीष ने बताया कि करीब 600 से 800 छात्रों का हुजूम जीडी कॉलेज बेगूसराय से निकला और नारेबाजी करते हुए समाहरणालय (कलेक्टरेट) की ओर बढ़ने लगा। उपद्रवियों ने बिगाड़ा माहौल छात्र आंदोलन की पूर्व सूचना होने के कारण समाहरणालय के पास सदर-1 डीएसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ता (Anti-Riot Force) पहले से तैनात था। जैसे ही छात्रों का समूह समाहरणालय पहुंचा, आंदोलन की आड़ में छिपे कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ना शुरू कर दिया। जमकर चलाए गए ईंट-पत्थर देखते ही देखते उपद्रवियों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस बलों पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। उपद्रवियों ने सड़क पर खड़ी पुलिस गाड़ियों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को भी निशाना बनाया। इस अचानक हुए पथराव और बवाल में कुछ राहगीरों और कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों को भी चोटें आई। एसपी ने संभाला था मोर्चा समाहरणालय पर बवाल की सूचना मिलते ही SP खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। हालांकि, इसके बाद उपद्रवियों का गुट कैंटीन चौक और ट्रैफिक चौक की तरफ भाग निकला और वहां भी उपद्रव मचाने लगा। एसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी स्थानों पर उपद्रवियों को खदेड़ा और शहर में विधि-व्यवस्था बहाल की। प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए… आरोपियों की तलाश जारी छात्र आंदोलन के नाम पर हिंसा और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपी मो. सनाउल्लाह, अभिषेक कुमार, प्रशांत कुमार एवं मो. शाहनवाज से पूछताछ कर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। हेल्पलाइन नंबर जारी एसपी मनीष ने बताया कि सोशल मीडिया एवं सीसीटीवी फुटेज से चिन्हित किए गए उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक की गई है। आम जनता इन उपद्रवी तत्वों की पहचान कर पुलिस को सूचित करें। जिससे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके। सूचना देने के लिए नगर थाना 903182853, पुलिस कंट्रोल रूम- 9031828303 एवं सोशल मीडिया सेल- 9031828306 जारी किया गया है। सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है जो वीडियो और तस्वीरों के आधार पर अन्य उपद्रवियों को चिन्हित कर लगातार छापेमारी कर रही है। छात्र आंदोलन की आड़ में उपद्रव करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link
बेगूसराय में छात्र आंदोलन की आड़ में बवाल:पुलिस पर पथराव और सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त; 30 उपद्रवियों की तस्वीर जारी, 4 को पकड़ा
