![]()
ट्राइसिटी में दुकानों को निशाना बनाने वाले पति-पत्नी के एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। आरोप है कि दंपती पिछले करीब एक साल से बच्चे को साथ लेकर दुकानों में जाता था और दुकानदार को बातों में उलझाकर नकदी व महंगा सामान चोरी कर फरार हो जाता था। व्यापारियों की सतर्कता, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया के जरिए बिछाए गए जाल के बाद दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान तोगा निवासी हरप्रीत सिंह और उसकी पत्नी टविंकल के रूप में की है। दोनों वारदात के दौरान अपने डेढ़ साल के बच्चे को भी साथ रखते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। पहले रेकी फिर करते वारदात सेक्टर-35 स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान के संचालक शाम भारद्वाज ने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी पत्नी अमनदीप दुकान पर अकेली थीं। इसी दौरान दंपती बच्चे के साथ खरीदारी के बहाने दुकान में पहुंचा। महिला दुकानदार को अलग-अलग सामान दिखाने में उलझाए रखती रही, जबकि हरप्रीत ने बच्चे की आड़ लेकर गल्ले से 35 हजार रुपए नकद और करीब 9 हजार रुपए कीमत के नोटों के हार सफेद बैग में रख लिए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हर वारदात में एक सफेद बैग घटना के बाद व्यापारियों ने सीसीटीवी फुटेज अपने व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किए। अलग-अलग दुकानों की रिकॉर्डिंग में आरोपी हर बार एक ही सफेद बैग के साथ नजर आए। इसी आधार पर कई पुराने मामलों की कड़ियां जुड़ती चली गईं और अन्य पीड़ित दुकानदार भी सामने आए। व्यापारियों के अनुसार आरोपी ऐसी दुकानों को चुनते थे, जहां कम जगह में महंगा सामान और नकदी रखी होती थी। कई मामलों में दुकानदारों को शक होने पर चोरी की वारदात टल भी गई। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि दंपती ने ट्राइसिटी में कितनी वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी ट्राइसिटी के कई इलाकों में सक्रिय थे। डड्डूमाजरा में एक दुकान से 11,500 रुपए, जबकि खरड़ स्थित एक जनरल स्टोर से 20 हजार रुपए चोरी होने की शिकायत सामने आई है। इन मामलों की जानकारी भी पुलिस को दी गई है। इंस्टाग्राम कॉल से बिछाया जाल 20 जुलाई को सेक्टर-35 की एक फ्लोरिस्ट दुकान से 23,800 रुपए और एक लेजर गन चोरी होने के बाद सीसीटीवी फुटेज व्यापारियों के बीच साझा की गई। इसी दौरान सेक्टर-20 के एक दुकानदार ने बताया कि यही दंपती फरवरी 2026 में उसकी दुकान से भी 50 हजार रुपए चोरी कर चुका है। उसी मामले में नोट की गई इंस्टाग्राम आईडी से मोबाइल नंबर मिला। व्यापारियों ने लेजर गन लौटाने का बहाना बनाकर दंपती को सेक्टर-34 बुलाया। वहां पहले से मौजूद व्यापारियों ने दोनों को पहचान लिया। हरप्रीत एक्टिवा पर भागने की कोशिश करने लगा, जबकि टविंकल बच्चे को लेकर पैदल भागी, लेकिन व्यापारियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
Source link
चंडीगढ़ में दपंति गिरफ्तार:बच्चे की आड़ में दुकानों में चोरी, पहले रेकी फिर करते वारदात, हर वारदात में सफेद बैग
