Headlines

जमुई में पिकअप से कुचलकर महिला की मौत:खैरा में 2 घंटे जाम, 3 घायल; परिजन बोले-दोषियों पर कार्रवाई हो- मुआवजे की मांग




जमुई-खैरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह कवैया मुसहरी के पास ग्रामीणों और परिजनों ने एक महिला का शव खटोले पर रखकर सड़क जाम कर दिया। यह जाम करीब दो घंटे से अधिक समय तक चला, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा। परिजन मृतका के लिए न्याय, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझा कर जाम समाप्त कराया। यह पूरा मामला गुरुवार शाम का है। आरोप है कि टाउन थाना क्षेत्र के कबैया मुसहरी निवासी एक ही परिवार के चार लोगों को जमीन के पैसे देने के बहाने बुलाया गया था। इसी दौरान, एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे बैठे चारों लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में बेचनी देवी (65) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति कारू मांझी, पुत्र चुनचुन मांझी और बहू सरिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। कारू मांझी की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया है। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप मालिक ने वाहन को घटनास्थल से हटा दिया और तीनों घायलों को एक निजी क्लिनिक में भर्ती करा दिया। बाद में, एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले को दबाने और समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा है। मृतका की घायल बहू सरिता देवी ने बताया कि गुरुवार शाम संजय यादव ने उनकी सास, ससुर और पति को जमीन का पैसा देने के लिए बुलाया था। करीब दो घंटे तक सभी को अपने घर के पास बैठाए रखा गया। इसके बाद उन्हीं के पिकअप वाहन से चारों को कुचल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन भी संजय यादव का ही था। सरिता देवी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। स्थानीय ग्रामीण लालू यादव ने बताया कि बेचनी देवी को मायके की कुछ जमीन मिली थी, जिसकी बिक्री को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी सिलसिले में परिवार के लोगों को बुलाया गया था। पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और वर्षों से मजदूरी व खेती-बाड़ी कर जीवनयापन करता है। ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *