![]()
पलवल में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। शनिवार को दोनों संगठनों के युवाओं ने देवीलाल पार्क से लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकाला और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में दिया गया। भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष नकुल और आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष गौतम ने बताया कि ज्ञापन में छात्र आंदोलनों के दौरान जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र के परिवार को एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की गई। संगठनों ने संसद सत्र के दौरान पेपर लीक के मुद्दों और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए और शिक्षा माफिया व पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ समयबद्ध व कठोर कदम उठाए जाएं। संगठन ने छात्र आंदोलनों के दौरान सुरक्षाबलों की सख्ती पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के साथ हुई अमर्यादित घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, आंदोलन स्थल पर सादी वर्दी में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सार्वजनिक करने और उन्हें लाठियां व अन्य उपकरण किसने उपलब्ध कराए थे, यह स्पष्ट करने की भी मांग की गई। ज्ञापन में परीक्षा एवं भर्ती प्रणाली में सुधार के सुझाव भी दिए गए। इनमें नीट यूजी, जेईई मेन सहित सभी सरकारी और प्रवेश परीक्षाओं की प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाना, सभी प्रतियोगी व सरकारी भर्ती परीक्षाओं का आवेदन शुल्क समाप्त करना और महिला अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र उनके गृह जनपद में ही आवंटित करना शामिल है। इस अवसर पर लीगल सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट एस आर्य, लीगल सेल के अध्यक्ष ध्रूव चौधरी, राज कुमार नेताजी, गौतम, राजगुरू, नेम सिंह, अभिषेक व खेमचंद आदि ने भी संबोधित किया।
Source link
पलवल लघु सचिवालय पर भीम आर्मी का प्रदर्शन:आजाद समाज पार्टी के नेता भी रहे शामिल, दिल्ली के आंदोलनकारी छात्रों का समर्थन
