![]()
पेंड्रा के नवागांव में वन विभाग के शासकीय कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने की व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई। जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा को पहली पंक्ति में जगह नहीं मिलने पर कुछ देर के लिए मंच पर असहज माहौल बन गया। बाद में कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा को शुरुआत में मंच की दूसरी पंक्ति में बैठाया गया। कुछ देर बाद उन्हें पहली पंक्ति में लाया गया। इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष लालजी यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह और भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी मंच छोड़कर किनारे चले गए। इससे कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए हलचल मच गई। कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद सामान्य हुई स्थिति मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर विजय दयाराम के. कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और कार्यक्रम आगे बढ़ा। समीरा पैकरा बोलीं- शासकीय कार्यक्रमों में प्रोटोकॉल जरूरी घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि किसी भी शासकीय आयोजन में पद के अनुसार प्रोटोकॉल का पालन होना चाहिए। उन्होंने बताया कि कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद व्यवस्था ठीक कर दी गई थी। भाजपा जिला अध्यक्ष ने विवाद से किया इनकार भाजपा जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने किसी विवाद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि समीरा पैकरा कार्यक्रम में कुछ देर से पहुंची थीं, इसलिए वे पीछे बैठ गई थीं। बाद में उन्हें उनके नियत स्थान पर आगे बैठा दिया गया। मंच छोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे कुछ जरूरी काम से थोड़ी देर के लिए किनारे गए थे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह ने भी कहा कि समीरा पैकरा के देर से आने के कारण यह स्थिति बनी थी, लेकिन बाद में उन्हें तत्काल आगे बैठा दिया गया था। कांग्रेस ने साधा निशाना इस घटनाक्रम पर कांग्रेस नेता राकेश जालान ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के भीतर गुटबाजी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि शासकीय मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष जैसी जनप्रतिनिधि को पीछे बैठाना दुर्भाग्यपूर्ण है और प्रशासनिक आयोजनों में तय प्रोटोकॉल का सम्मान होना चाहिए।
Source link
पेंड्रा में शासकीय कार्यक्रम में भाजपा नेताओं में प्रोटोकॉल विवाद:जिला पंचायत अध्यक्ष को सीट न मिलने पर मचा बवाल,कलेक्टर के हस्तक्षेप से मामला शांत
