![]()
सोनभद्र में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। रॉबर्ट्सगंज के चंडी तिराहे से लोढ़ी कलेक्ट्रेट तक लगभग छह किलोमीटर का पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। कलेक्ट्रेट पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपा, जिसमें कई सूत्रीय मांगें शामिल थीं। प्रदर्शन के बीच ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आई। यह सुनते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी। आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष रविकांत ने बताया कि सुबह 11 बजे से भीम आर्मी प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन किए गए थे। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे छात्र हितों के मुद्दे पर सरकार का झुकना बताया, जिसकी तुलना उन्होंने किसान आंदोलन में सरकार के फैसले बदलने से की।
पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि केवल इस्तीफा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने सरकार से ऐसी व्यवस्था बनाने की मांग की, जिससे भविष्य में किसी भी भर्ती या प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक न हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में पेपर लीक होता है, तो उसकी सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को तत्काल और कठोर सजा दी जानी चाहिए। पार्टी ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं। पार्टी ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके और भर्ती परीक्षाओं पर उनका विश्वास कायम रहे।
Source link
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा:सोनभद्र में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
