![]()
जामताड़ा के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने शनिवार को नाला प्रखंड के डारर-केवलजुडिया गांव स्थित काजू बागान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने काजू उत्पादन, पौधों की स्थिति और रखरखाव की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली। उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बागान के समग्र विकास और किसानों की आय बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने काजू प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की दिशा में पहल तेज करने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय स्तर पर काजू का प्रसंस्करण हो सके। उन्होंने बताया कि प्रोसेसिंग प्लांट से किसानों को उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, परिवहन लागत कम होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। निरीक्षण के दौरान, उपायुक्त ने अधिकारियों को बागान के रखरखाव, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और काजू आधारित उद्योगों की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त आलोक कुमार ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने भी काजू बागान के विकास को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि काजू प्रोसेसिंग प्लांट और बागान के समग्र विकास से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव जल्द ही राज्य सरकार को भेजा जाएगा, ताकि परियोजना को शीघ्र लागू किया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से नाला क्षेत्र काजू उत्पादन और प्रसंस्करण का एक प्रमुख केंद्र बन सकता है। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी और रेंजर मृत्युंजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Source link
डीसी ने जामताड़ा के काजू बागान का निरीक्षण किया:प्रोसेसिंग प्लांट का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश
