![]()
सरगुजा के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में अब मेडिकल (नीट) और इंजीनियरिंग (जेईई) प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन क्लासेस शुरू की जाएंगी। शनिवार को कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही सुनियोजित कार्ययोजना के साथ काम किया जाए, ताकि प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और परीक्षा परिणाम बेहतर हों। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। 11वीं के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन तैयारी कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए नीट और जेईई की ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए प्रत्येक स्कूल में इंटरनेट कनेक्टिविटी, अलग कक्ष, बड़ी स्क्रीन और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने रायपुर में नीट और जेईई की तैयारी कर रहे जिले के विद्यार्थियों की नियमित मॉनिटरिंग और फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रश्नों का अभ्यास कराने पर जोर दिया। 26 अतिथि व्याख्याताओं की भर्ती होगी कलेक्टर ने डीएमएफ मद से हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए 26 अतिथि व्याख्याताओं की स्वीकृति दी है। उन्होंने शाला विकास समिति के माध्यम से पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। बालिकाओं को मिलेंगे सेनेटरी पैड 15वें वित्त आयोग की स्वच्छता मद से जिले के सभी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की छात्राओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में स्कूलों में पुस्तकों और ड्रेस की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। पीवीटीजी बच्चों की शिक्षा पर विशेष फोकस कलेक्टर ने विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) समुदाय के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें अगली कक्षाओं में प्राथमिकता के साथ प्रवेश दिलाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। स्कूलों की आधारभूत सुविधाएं समय पर हों पूरी कलेक्टर ने भवन विहीन और बिजली विहीन स्कूलों की सूची तैयार कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर और मरम्मत कार्य समय पर पूरा कराने को कहा। व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित करने वाले हायर सेकेंडरी स्कूलों में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कक्ष बनाने के भी निर्देश दिए। वीबीजी रामजी योजना के तहत 300 स्कूलों में बालिकाओं के लिए अलग शौचालय बनाए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में भी डीएमएफ मद से छात्राओं के लिए शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी जा रही है। साइकिल की गुणवत्ता जांच और आधार कार्ड पर भी जोर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को साइकिल वितरण से पहले उसकी गुणवत्ता की अनिवार्य जांच की जाए। उन्होंने अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों का जन्म प्रमाण पत्र बन चुका है, उनका आधार कार्ड जल्द बनवाया जाए। बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ, जीपीओ प्राधिकार पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं।
Source link
हायर सेकेंडरी स्कूलों में नीट-जेईई की ऑनलाइन क्लासेस शुरू होंगी:सरगुजा कलेक्टर ने दिए निर्देश, कहा- शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के लिए करें प्रयास
