Headlines

गंगा में डूबे युवक का दूसरे दिन भी सुराग नहीं:एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी, अंतिम संस्कार के दौरान हुई थी घटना




कहलगांव (भागलपुर)। कहलगांव श्मशान घाट के समीप गंगा स्नान के दौरान डूबे अनादीपुर गांव निवासी 24 वर्षीय अमित कुमार झा का दूसरे दिन शनिवार को भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम स्थानीय प्रशासन के सहयोग से गंगा में लगातार तलाश अभियान चला रही है। जानकारी के अनुसार, अमित कुमार झा शुक्रवार को एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने कहलगांव श्मशान घाट पहुंचे थे। दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे गंगा स्नान करने गए थे। इसी दौरान वे तेज बहाव की चपेट में आ गए और गहरे पानी में चले जाने के बाद लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। शनिवार को भी दिनभर नदी में सघन अभियान चलाया गया। हालांकि, गंगा का जलस्तर बढ़ा होने और तेज धारा के कारण बचाव दल को तलाशी अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कहलगांव थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि लापता युवक की तलाश लगातार जारी है। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम पूरी तत्परता के साथ इस अभियान में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *