![]()
इटावा में मेकअप आर्टिस्ट को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में नामजद दो महिलाओं समेत तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि विकास भवन में बढ़पुरा ब्लॉक में तैनात वरिष्ठ सहायक सौरभ द्विवेदी ने अपनी पत्नी कोमल शर्मा की आत्महत्या के मामले में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि अभिषेक सिंह, शबीना खान, रुबीना और रितेश लंबे समय से कोमल को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। वे उसे ब्लैकमेल करते थे, पुरानी बातें ससुराल पक्ष को बताने की धमकी देते थे और जान से मारने की धमकियां भी दे रहे थे। सुसाइड से पहले रिकॉर्ड किया था वीडियो शिकायत के मुताबिक, लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर कोमल शर्मा ने 21 जुलाई को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उन्होंने अभिषेक सिंह, शबीना खान, रुबीना और रितेश का नाम लेते हुए उन पर मानसिक उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और धमकियां देने के आरोप लगाए थे। इसी वीडियो को साक्ष्य मानते हुए पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया। कानपुर से दबोचा गया मुख्य आरोपी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। इसी क्रम में मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह (30), निवासी शिवनगर, भगवानपुर, थाना रावतपुर, कानपुर नगर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि मामले में नामजद दो महिलाओं समेत तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Source link
इटावा मेकअप आर्टिस्ट सुसाइड केस:आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी कानपुर से गिरफ्तार, तीन अन्य की तलाश में जारी
