![]()
नीट पेपर लीक और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बहादुरगंज में हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। अंचलाधिकारी आशीष कुमार सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर बहादुरगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे 22 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बीते दिन विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। तख्ती, बैनर और डंडे लेकर सड़क पर निकले प्रदर्शनकारी बहादुरगंज कॉलेज परिसर में एकत्र हुए थे, जहां उनके नेतृत्वकर्ता भड़काऊ और उग्र भाषण दे रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे, 150 से 200 की संख्या में उपद्रवी हाथ में तख्ती, बैनर और डंडे लेकर सड़क पर निकल आए। बहादुरगंज-दिघलबैंक मुख्य मार्ग पर मिर्च मसाला रेस्टोरेंट और टीवीएस शोरूम के पास पहुंचते ही भीड़ को उकसाया गया, जिसके बाद उपद्रवी काफी उग्र हो गए और अधिकारियों व पुलिस बल पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। पुलिस द्वारा माइकिंग के जरिए बार-बार शांति बनाए रखने की अपील का भी उन पर कोई असर नहीं हुआ। सरकारी गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया उपद्रवियों के इस हमले में डीएसपी मुख्यालय सुशील कुमार, बीडीओ बहादुरगंज अरुण कुमार सरदार सहित अमन कुमार, राम कुमार, कौशल अखिल, देवगन कुमार, पिंकी कुमारी, प्रभास कुमार मंडल, राजविन्द्र कुमार जैसे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बहादुरगंज स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। उपद्रवियों ने बीडीओ और डीडीसी किशनगंज की सरकारी गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उपद्रवियों ने एलआरपी चौक पर भी जमकर तोड़फोड़ की और मीडियाकर्मियों तथा आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार किया। 5 घंटे तक सड़क जाम उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 327ई के बीच लगे बैरिकेडिंग को तोड़ दिया और लगभग पांच घंटे तक सड़क जाम रखा, जिससे एम्बुलेंस और सैकड़ों अन्य वाहन फंसे रहे। इस पूरी घटना में सरकारी व निजी संपत्ति को लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान होने का आकलन किया गया है। बिना अनुमति के की गई थी सभा, 22 गिरफ्तार मामले में खुलासा हुआ है कि घटना से एक दिन पहले प्रिंस आजम, मो. एयाज आलम, रियाज राही समेत अन्य लोगों ने प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी, जिसे प्रशासन ने खारिज कर दिया था। इसके बावजूद बिना अनुमति सभा की गई और भीड़ को भड़काया गया। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद मौके से 22 लोगों खुस्तर अब्बास, मो. नूरजमा, नूरुस जमा, आसीफ अनवर, अभिनंदन कुमार, सबा करीम, तबारक आदि को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 08 मोबाइल जब्त किए गए। 40 से अधिक नामजद और 150 अज्ञात पर केस दर्ज पुलिस ने अंचल अधिकारी की लिखित शिकायत पर बहादुरगंज थाना कांड संख्या 460/26 दर्ज कर गिरफ्तार किए गए 22 आरोपियों के अलावा 40 से अधिक नामजद और 100-150 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Source link
किशनगंज में हिंसक प्रोटेस्ट, 22 उपद्रवी गिरफ्तार:DSP-BDO समेत कई पुलिसकर्मी घायल, 3 लाख के नुकसान का अनुमान
