![]()
रायसेन जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। बेगमगंज में करंट लगने से एक 17 वर्षीय किशोरी की जान चली गई, जबकि सिलवानी में एक 60 वर्षीय महिला की सांप के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सिलवानी मामले में चिकित्सकों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपार निवासी अय्यूब खान की 17 वर्षीय बेटी जीनत वी. की मौत कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से हुई। घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब जीनत नहाने के बाद कमरे में रखे लोहे के कूलर पर साबुनदानी रखने गई थी। कूलर छूते ही वह करंट की चपेट में आ गई। उसकी चीख सुनकर मां मौके पर पहुंची और बिजली का स्विच बंद कर उसे अलग किया। हालांकि, तब तक जीनत अचेत हो चुकी थी। परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। 60 वर्षीय वृद्धा को सांप ने काटा
दूसरी घटना सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में हुई, जहां 60 वर्षीय चेता बाई, पति शंकरलाल भल्लादी की कथित रूप से सांप के काटने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे की है। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे महिला को मृत अवस्था में सिविल अस्पताल सिलवानी लाया गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन को बताया कि महिला की मौत सांप के काटने से हुई है। हालांकि, चिकित्सकों ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी। पुलिस ने इस मामले में भी मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
रायसेन में करंट और सर्पदंश से दो महिलाओं की मौत:बेगमगंज में कूलर ने ली किशोरी की जान, सिलवानी में मौत का कारण पीएम से होगा स्पष्ट
