![]()
जालौन पुलिस ने राजकुमार हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है। मामला थाना नदीगांव क्षेत्र का है। सोमवार को उरई पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) डॉ. इशांत सोनी तथा क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को थाना नदीगांव क्षेत्र के ग्राम भकरौल में सड़क किनारे खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गांव निवासी राजकुमार बरार पुत्र बालादीन के रूप में की थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी सुमन ने थाना नदीगांव में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, धमकी तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी कोंच के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और तकनीकी जांच के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को थाना नदीगांव पुलिस ने चेकिंग के दौरान विवेचना में प्रकाश में आए आरोपी सोनू पाल उर्फ महते (32 वर्ष) पुत्र जगदीश पाल, निवासी ग्राम भकरौल को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ में कबूला जुर्म पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 4 जुलाई की रात वह मृतक राजकुमार के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान राजकुमार नशे की हालत में गाली-गलौज करने लगा। आरोपी के अनुसार उसने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो पहले थप्पड़ मारा। इसके बाद पास में खेत में पड़ा डंडा उठाकर उसके सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। आरोपी ने बताया कि गंभीर चोट लगने से राजकुमार मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है। मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित करते हुए आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने हत्या जैसी गंभीर घटना का सफल अनावरण करने वाली थाना नदीगांव पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जालौन में राजकुमार हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद
