आंध्रप्रदेश में 9 बंधक मजदूर मुक्त कराए गए:बलौदाबाजार अपने घर लौटे, ऑयल फैक्ट्री में थे कैद, सैलरी भी नहीं मिल रही थी




बलौदाबाजार जिला प्रशासन ने आंध्रप्रदेश की एक ऑयल फैक्ट्री में बंधक बनाए गए जिले के 9 मजदूरों को सकुशल मुक्त कराकर वापस लाने में सफलता हासिल की है। सोमवार को इन सभी मजदूरों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात कर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्राम सोनपुर (तहसील सोनाखान) निवासी संत कुमार रात्रे ने जिला प्रशासन को एक आवेदन दिया था। इसमें उन्होंने बताया कि लगभग दो माह पूर्व उनका परिवार और कुछ अन्य ग्रामीण आंध्रप्रदेश के रेनीगुंटा स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में मजदूरी के लिए गए थे। वहां उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था और जबरन रोककर प्रताड़ित किया जा रहा था। आंध्रप्रदेश प्रशासन से संपर्क किया गया कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने आंध्रप्रदेश प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ त्वरित समन्वय स्थापित किया। सभी मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराकर बलौदाबाजार-भाटापारा वापस लाया गया। वापसी के बाद प्रशासन ने उनसे विस्तृत चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक सहायता प्रक्रिया शुरू की। कलेक्टर ने की यह अपील कलेक्टर शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि जिले के किसी भी नागरिक की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई रोजगार के नाम पर शोषण, बंधक बनाए जाने या किसी अन्य परेशानी का सामना करता है, तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। इसके लिए संपर्क केंद्र नंबर 92018-99925 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जाने से पहले संबंधित एजेंसी या ठेकेदार की पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य कर लें। ऐसा करने से भविष्य में ऐसी अप्रिय स्थितियों से बचा जा सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *