![]()
संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी और राजीव गांधी पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई के दो दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल को पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने समर्थन दिया। वे अनशन स्थल पर पहुंचे। सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो गया है। यूनिवर्सिटी और कॉलेज की समस्याओं को लेकर रविवार से एनएसयूआई के छात्रों ने क्रमिक अनशन शुरू किया था। सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे टीएस सिंहदेव ने कहा कि, छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। सिंहदेव ने कहा कि, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस छात्रों के संघर्ष में पूरी मजबूती से साथ खड़ी होगी। ये हैं इनकी मांगें एनएसयूआई ने यूनिवर्सिटी में शिक्षक भर्ती में रोस्टर नियमों के पालन की उच्चस्तरीय जांच, अंबिकापुर-राजपुर मार्ग से विश्वविद्यालय तक जर्जर सड़क के निर्माण, मुख्य मार्ग पर संकेतक बोर्ड लगाने, परिसर में सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की मांग की है। एनएसयूआई ने ऑनलाइन कॉपी जांच प्रणाली समाप्त कर पारंपरिक मूल्यांकन लागू करने, जर्जर भवन में संचालित कक्षाओं को नए भवन में स्थानांतरित करने, फीस वृद्धि पर रोक, टोल-फ्री हेल्पलाइन जारी करने और नई शिक्षा नीति के पाठ्यक्रम की पुस्तकों की जल्द उपलब्धता की मांग रखी है। कुलसचिव और तहसीलदार ने दिया आश्वासन सरगुजा यूनिवर्सिटी के कुलसचिव एसपी त्रिपाठी और अंबिकापुर तहसीलदार विकास जिंदल ने धरना स्थल पहुंचकर एनएसयूआई पदाधिकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद एनएसयूआई ने अपनी क्रमिक भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह छात्रहित में था। यदि आश्वासन के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन और व्यापक आंदोलन करेगा। प्रदर्शन को कांग्रेस का समर्थन आंदोलन को कांग्रेस नेता शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, शैलेंद्र प्रताप सिंह, मोहम्मद इस्लाम, जीवन यादव, आलोक सिंह, राजा तिवारी, सौरभ फिलिप सहित अन्य नेताओं ने भी पहुंचकर समर्थन दिया। क्रमिक भूख हड़ताल और आंदोलन में एनएसयूआई के ज्ञान तिवारी, सिफतैन रज़ा, अभिनव काशी, गौतम गुप्ता सहित छात्र-छात्राएं शामिल थे।
Source link
यूनिवर्सिटी-कॉलेज की समस्याओं को लेकर NSUI की भूख हड़ताल:पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव समर्थन देने पहुंचे, कुलसचिव ने आश्वासन देकर कराया खत्म
