Headlines

मधेपुरा में शॉर्ट सर्किट से आग, सिलेंडर फटा:पुरानी तहसील कचहरी के पास चार घर राख, फायर ब्रिगेड ने काबू पाया




मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 7 और 8 की सीमा पर स्थित पुरानी तहसील कचहरी के समीप सोमवार शाम भीषण आग लग गई। यह आग अजय दास के घर में शॉर्ट सर्किट से लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों के बीच घर में रखा एलपीजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इसके कारण आग तेजी से आसपास के घरों तक फैल गई और कुछ ही देर में अजय दास, अरविंद यादव, सरविंद यादव और भीम दास के चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में चारों घरों में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका। स्थानीय निवासी अरविंद यादव ने बताया कि आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय अजय दास के घर में कोई मौजूद नहीं था। सिलेंडर विस्फोट के बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया था। इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। हालांकि, लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *