![]()
करौली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त तीन करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का निस्तारण किया। यह सामग्री रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की निगरानी में जलाकर नष्ट की गई। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय की एंटी नारकोटिक्स विंग के निर्देश पर एक विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल की अध्यक्षता में निस्तारण की पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की देखरेख में संपन्न हुई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 606 ग्राम 84 मिलीग्राम स्मैक, 46 किलो 109 ग्राम गांजा, 20 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा, लगभग 89 किलो 150 ग्राम प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और टैबलेट्स शामिल थे। पुलिस के अनुसार इन अवैध पदार्थों की अनुमानित कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 10 लाख रुपए है। इन सभी जब्त सामग्रियों का सुरक्षित और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया गया। पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
Source link
करौली पुलिस ने 3 करोड़ के मादक पदार्थ जलाए:एनडीपीएस मामलों में जब्त स्मैक, गांजा और डोडा चुरा का निस्तारण
