![]()
राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मंगलवार को बंगाल की खाड़ी से बने डीप डिप्रेशन का असर साफ तौर पर देखने को मिला। सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश पूरे दिन जारी रही। रांची में दिनभर में करीब 16 से 20 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज के लिए रांची में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज भी कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 30 जुलाई तक मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी और सिमडेगा में भी भारी बारिश का असर देखा गया। राज्यभर में बारिश का अलर्ट, वज्रपात का खतरा अधिक मौसम विभाग के मुताबिक आज झारखंड के अधिकांश जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर, दुमका, पलामू, गुमला, लोहरदगा, लातेहार समेत 22 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खासतौर पर वज्रपात का खतरा अधिक बताया गया है। जिसके मद्देनजर लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे कई जिलों में मौसम सुहावना हो गया है। वहीं अच्छी बारिश के कारण वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल रहा है। हालांकि राज्य में अब तक सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, ऐसे में आने वाले दिनों की बारिश खेती के लिहाज से अहम मानी जा रही है। शहर के कई इलाकों में हुआ जलजमाव लगातार बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। लालपुर, हरमू, किशोरगंज, अशोक नगर, कांटा टोली, पंडरा और डोरंडा समेत कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आवागमन बाधित हुआ। कई जगहों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं बारिश के चलते बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। कोकर, महावीर नगर, सुंदर विहार, पहाड़ा मंदिर, रातू रोड और धुर्वा सहित कई इलाकों में दिनभर बिजली आती-जाती रही। बिजली विभाग के अनुसार बुधवार को भी कुछ क्षेत्रों में मरम्मत कार्य के कारण घंटों पावर कट रह सकता है। लगातार खराब मौसम ने शहर की सामान्य दिनचर्या को काफी हद तक प्रभावित कर दिया है। बारिश ने पकड़ी रफ्तार फिर भी 26 प्रतिशत कम वर्षा 1 जून से 28 जुलाई तक बारिश के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में 478.3 मिमी की जगह मात्र 352.4 मिमी वर्षा हुई है। अब भी औसतन 26 प्रतिशत कम है। कई जिलों में स्थिति और भी खराब है, जहां 50 प्रतिशत से अधिक तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। सबसे अधिक कमी चतरा (-61%), गढ़वा (-62%), पाकुड़ (-60%), देवघर (-56%) और गोड्डा (-50%) में है। बोकारो (-36%), गिरिडीह (-47%), कोडरमा (-52%) और पलामू (-41%) जैसे जिलों में भी हालात संतोषजनक नहीं हैं। दूसरी ओर कुछ जिलों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही है, जहां पश्चिमी सिंहभूम में 16 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि सिमडेगा (-3%) और सरायकेला-खरसावां (-1%) सामान्य के करीब रहे। राजधानी रांची में भी अब तक 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ने से इस कमी की आंशिक भरपाई हो सकती है।
Source link
झारखंड के 22 जिलों में आज भारी बारिश:बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर, आंधी और वज्रपात का अलर्ट
