![]()
नर्मदापुरम में मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी और एमएसपी पर खरीद की मांग को लेकर भोपाल पहुंची किसान क्रांति पैदल यात्रा के बीच प्रशासन अलर्ट हो गया है। बुधवार को किसानों के सीएम हाउस घेराव की तैयारी को देखते हुए नर्मदापुरम, हरदा और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के भोपाल पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंगलवार रात से ही भोपाल जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी गई है। भोपाल की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस यात्रा का कारण, वाहन नंबर और यात्रियों का नाम रजिस्टर में दर्ज करने के बाद ही वाहनों को आगे जाने दे रही है। रास्ता रोकने के लिए सड़क पर जेसीबी डंपर खड़े किए
नर्मदापुरम में बुधनी रोड पर नर्मदा ब्रिज से पहले बैरिकेडिंग की गई है। बीच सड़क पर डंपर और जेसीबी भी खड़े किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर रास्ता रोका जा सके। मंगलवार रात से ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर तैनात हैं। एएसपी अभिषेक राजन, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, आरआई विनय अटलक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुनीता पटेल, देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी, तहसीलदार अंकित मौर्य सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर निगरानी कर रहे हैं। एसपी साईं कृष्णा एस. थोटा ने बताया कि भोपाल में चल रहे किसान आंदोलन में और किसानों के शामिल होने की सूचना है। इसी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और किसानों को भोपाल जाने से रोका जाएगा। 27 जुलाई को नर्मदापुरम से निकली थी किसान यात्रा भोपाल में आंदोलन कर रहे किसान 27 जुलाई को नर्मदापुरम से पैदल यात्रा पर निकले थे। सोमवार को भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग के बावजूद किसान आगे बढ़ते गए। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले 19 किसान संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल होकर भोपाल पहुंचे हैं।
Source link
नर्मदापुरम से भोपाल जाने वाले रास्ता पुलिस ने किया बंद:बैरिकेडिंग कर डंपर-जेसीबी से रास्ते रोके, किसान आंदोलन को लेकर प्रशासन अलर्ट
