![]()
फतेहाबाद जिले के जाखल में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर गुरुवार को किसानों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति, हरियाणा के नेतृत्व में किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों, आढ़तियों, सेलर संचालकों और शहरवासियों ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे धरना दिया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की। यह धरना सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग को चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में तत्काल तेजी नहीं लाई गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। किसान बोले- निर्माण कार्य में देरी से हो रही परेशानी किसानों ने बताया कि रेलवे द्वारा जाखल रेलवे ओवरब्रिज को ऊंचा करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि डबल ट्रैक पर गाड़ियां यहां से निकल सकें। लोगों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि विकास कार्य आवश्यक हैं, लेकिन निर्माण की धीमी गति से आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। किसान नेताओं ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले संबंधित एजेंसी ने 3 से 6 महीने के भीतर काम पूरा करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, कई महीने बीत जाने के बावजूद कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। ओवरब्रिज बंद होने के कारण किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रोजाना लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे समय के साथ-साथ ईंधन और परिवहन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। किसानों ने चिंता व्यक्त की कि आने वाला धान सीजन स्थिति को और गंभीर बना देगा, क्योंकि फसल को मंडी तक पहुंचाने में भारी दिक्कतें आएंगी। पंद्रह सदस्यीय कमेटी बनाई गई इस प्रदर्शन के बाद एक 15 सदस्यी कमेटी बनाई गई। जिसमें किसान, राइस मिल एसोसिएशन, आढ़ती एसोसिएशन सहित अन्य लोग शामिल किए गए। कमेटी द्वारा फैंसला लिया गया कि 5 अगस्त कमेटी की एक बैठक करवाई जाए तथा उन्होंने कहा कि अगर बैठक में कोई फैंसला नही लिया गया तो 6 अगस्त को चंडीगढ़ बुढलाडा हाइवे को जाम किया जाएगा। वही किसानों ने अंत मे कोई समाधान न होने पर रेल रोको की भी चेतावनी दे डाली। इस कमेटी में किसान लाभ सिंह, नसीब सिंह, हरविंदर सिंह, कांत जैन, आदित्य बंसल, दीप चहल, राशविन्दर सिंह,उत्तम सिंह, चरनजीत सिंह, अमन कुमार, नवजोत सिंह, गगु सिंह, सुरेश गर्ग, अंग्रेज सिंह, रजनीश जैन कमेटी में शामिल किए गए। सामूहिक निर्णय लेकर तय होगी आगे की रणनीति उन्होंने कहा कि आंदोलन की आगामी रणनीति आज की सभा में लिए गए सामूहिक निर्णय के आधार पर तय की जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और रेलवे प्रशासन से मांग की कि अतिरिक्त मजदूरों और मशीनरी की व्यवस्था कर निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि किसानों,व्यापारियों और आम जनता को जल्द राहत मिलसके। इस धरने में किसान ब्लॉक प्रधान लाभ सिंह, बलकार सिंह, अवतार सिंह, हरविंदर सिंह, नसीब सिंह, नवजोत सिंह, दीपक सिंगला, कांत जैन, किरण शर्मा,आशु गर्ग सहित शहर वासी उपस्थित रहे।
Source link
जाखल में किसानों ने किया धरना- प्रदर्शन:रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में देरी से नाराज, प्रशासन को दिया 5 अगस्त तक का अल्टीमेटम
