![]()
शिवपुरी के माधव नगर में एक युवक से टेलीग्राम और Zengo ऐप के जरिए 8 लाख 14 हजार 667 रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने उसे कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश करवाया।
.
माधव नगर निवासी 27 वर्षीय उदय प्रताप सिंह तोमर पिता केशव सिंह तोमर ने बताया कि 22 जुलाई को टेलीग्राम पर Zengo कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने अधिक कमाई का झांसा देकर Zengo मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया और udaypratapsingh नाम से आईडी बनवाई।
ठगों के निर्देशों पर उदय ने 22 से 24 जुलाई के बीच अपने एसबीआई खाते सहित विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी के माध्यम से किस्तों में 2.75 लाख रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एसबीआई खाते में 1.99 लाख रुपए नकद भी जमा किए। ठगों के कहने पर उनके दोस्तों बीरबल रजक, अनुज शर्मा, तुषार जैन और पीयूष जैन ने भी अपने बैंक खातों से विभिन्न यूपीआई और खातों में रकम भेजी।
इस प्रकार, अलग-अलग माध्यमों से कुल 8 लाख 14 हजार 667 रुपए ठगों के खातों में भेजे गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि शुरुआत में उसके खाते में कुछ छोटी रकम वापस भेजी गई, जिससे उसे निवेश सही होने का विश्वास हो गया। हालांकि, बाद में अचानक उसकी आईडी फ्रीज कर दी गई और उससे 6 लाख रुपए अतिरिक्त जमा करने की मांग की गई। तब उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
परिजनों को पूरी जानकारी देने के बाद उदय प्रताप सिंह तोमर ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
