![]()
बिजली की 765 केवी हाईटेंशन लाइनों को चुराकर एल्यूमीनियम बेचने वाले गिरोह के सरगना समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। झुंझुनूं जिले की सिंघाना थाना पुलिस ने इंटरस्टेट गिरोह का पर्दाफाश किया। सिंघाना थाने के इंचार्ज सुगन सिंह ने बताया- आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की पिकअप और स्विफ्ट कार, चोरी के तार, तार काटने के उपकरण और 1 लाख 28 हजार 500 रुपए कैश बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। कुठानियां जोहड़ में दी दबिश इंचार्ज सुगन सिंह ने बताया- 28 सितंबर को जिला स्पेशल टीम झुंझुनूं के एएसआई शशिकांत ने हमें सूचना दी कि कुठानियां जोहड़ क्षेत्र में हाईटेंशन 765 केवी बिजली लाइन के तार चोरी करने वाला गिरोह मौजूद है। गिरोह के सदस्य एक पिकअप और स्विफ्ट कार में चोरी के तार भरकर उन्हें बेचने के लिए ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना के बाद हमारी पुलिस टीम कुठानियां जोहड़ में अमरपुरा-कुठानियां कच्चे रास्ते पर पहुंची। सामने से तिरपाल लगी बिना नंबर की पिकअप आती दिखाई दी। इसके पीछे एक स्विफ्ट कार भी आ रही थी। दोनों वाहनों में 7 युवक बैठे हुए थे। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश इंचार्ज सुगन सिंह ने बताया- टीम को देखकर दोनों वाहनों में सवार युवक घबरा गए और वाहनों को छोड़कर भागने की कोशिश की। टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें हाईटेंशन 765 केवी बिजली लाइन के एल्यूमिनियम तार भरे मिले। आरोपियों ने बताया कि वे अपनी गैंग के सरगना महेश उर्फ कुम्भा काला से अपने हिस्से का बंटवारा कर चोरी के तार बेचने के लिए ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मुख्य आरोपी समेत 6 गिरफ्तार पुलिस ने मामले में महेश कुमार उर्फ कुम्भा काला, अजय उर्फ कालू, दुष्यंत उर्फ मोनू, अनिल, अमित जाखड़ और हिमांशु उर्फ लाला को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। मुख्य आरोपी महेश कुमार उर्फ कुम्भा काला (29) सीकर के नीम का थाना इलाके के पुराना बास का रहने वाला है। अजय उर्फ कालू (25) कोटपूतली के बूचाहेड़ा मोहल्ले का रहने वाला है। दुष्यंत मीणा उर्फ मोनू (18 साल 6 माह) कोटपूतली की शक्ति विहार कॉलोनी का रहने वाला है। अनिल (21) थोई इलाके के प्रीतमपुरी में कांवट बाईपास पर रहता है। अमित जाखड़ (28) कुम्भा काला और हिमांशु उर्फ लाला (19) बुहाना के मोहल्ला राजपूताना का निवासी है। कई जिलों तक जुड़े हो सकता है नेटवर्क गिरोह के सदस्यों के अलग-अलग स्थानों के निवासी होने के कारण पुलिस इसे अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय गिरोह मानकर जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले 765 केवी बिजली लाइन के तार चोरी की कितनी वारदातें की हैं और चोरी किए गए तारों को कहां-कहां बेचा गया। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य लोगों तथा चोरी का माल खरीदने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। हिमांशु का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हिमांशु उर्फ लाला का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना खेतड़ीनगर और कोतवाली में दो प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। डीएसटी और सिंघाना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई बुहाना DSP मंजू चौहान के सुपरविजन तथा सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सिंघाना थाना पुलिस के साथ डीएसटी चिड़ावा की टीम की भी अहम भूमिका रही। पुलिस टीम में थानाधिकारी सुगन सिंह, एएसआई हरिराम, हेड कांस्टेबल रामस्वरूप, सत्यराज, कांस्टेबल अमित कुमार, हर्ष, अंकित, सुमेर सिंह, रविशंकर, प्रदीप कुमार, चालक सुभाष चंद्र गुप्ता, एएसआई शीशराम, हेड कांस्टेबल सुरेश तथा कांस्टेबल पवन शामिल रहे। डीएसटी चिड़ावा टीम में प्रभारी हेमराज, एएसआई शशिकांत, हेड कांस्टेबल हरीश कुमार तथा कांस्टेबल सुनील कुमार, कुलदीप, संदीप कुमार और रामवतार शामिल रहे।
Source link
हाईटेंशन लाइन से एल्यूमीनियम चुराने वाला गिरोह पकड़ा:सरगना समेत 6 गिरफ्तार; 1.28 लाख कैश-पिकअप और कार जब्त
