Headlines

तरनतारन मंडी गोलीकांड में पुलिस का एक्शन:अकाली पार्षद का बेटा और साथी गिरफ्तार, पार्षद अब भी फरार




तरनतारन की नई अनाज मंडी में 23 जुलाई को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में शिरोमणि अकाली दल से जुड़े पार्षद शाम सिंह मुरादपुरा का बेटा जशनदीप उर्फ जशन और उसका साथी करण यूपी शामिल हैं। पुलिस दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। यह घटना 23 जुलाई की दोपहर को हुई थी, जिसमें मुरादपुरा निवासी रवि कुमार और सरवन सिंह घायल हो गए थे। थाना सिटी के मुख्य इंस्पेक्टर परमजीत सिंह विरदी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। गंभीर रूप से घायल रवि के परिवार के बयान के आधार पर पार्षद शाम सिंह मुरादपुरा, उनके बेटे जशनदीप उर्फ जशन और साथी करण यूपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों को पकड़ा एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि थाना प्रमुख ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जशनदीप जशन और करण यूपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है ताकि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए जा सकें। गोलीबारी की इस घटना में अकाली दल के पार्षद शाम सिंह मुरादपुरा की गिरफ्तारी अभी बाकी है। एसएसपी लांबा ने बताया कि पार्षद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाके में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी लांबा ने जिले में चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ का जिक्र करते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *