![]()
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से शिक्षकों के कक्षा में मोबाइल फोन के उपयोग पर सख्ती के संकेत दिए हैं। उन्होंने बांका परिसदन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षक विद्यालय पहुंचने के बाद कक्षा में जाने से पहले अपना मोबाइल फोन प्रधानाध्यापक के पास जमा कर दें, ताकि पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान न हो। मंत्री तिवारी ने कहा कि कक्षा के दौरान मोबाइल पर आने वाले कॉल और अन्य गतिविधियां शिक्षण कार्य को प्रभावित करती हैं। इससे न केवल शिक्षक का ध्यान भटकता है, बल्कि छात्रों की पढ़ाई पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं किया जा रहा उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस संबंध में विभाग की ओर से कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं किया जा रहा है। पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों से इस व्यवस्था का स्वेच्छा से पालन कराने का प्रयास करना चाहिए। यदि इसके बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो शिक्षा विभाग औपचारिक निर्देश जारी कर इसका अनुपालन सुनिश्चित करेगा। मंत्री ने बांका जिले की शिक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षकों की जो कमी है, वह स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद काफी हद तक दूर हो जाएगी। बच्चों की कक्षा में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश इसके साथ ही, अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को देखते हुए कांवरिया पथ के किनारे स्थित सभी सरकारी विद्यालयों की विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए। इसका उद्देश्य देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के सामने बिहार के सरकारी विद्यालयों की सकारात्मक और बेहतर छवि प्रस्तुत करना है। शिक्षा मंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि श्रावणी मेला के दौरान किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के सुचारु संचालन तथा विद्यालय अवधि के दौरान बच्चों की कक्षा में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक पुरणलाल टुडू, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक सुभाष गुप्ता,जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित,डीपीओ संजय कुमार सहित समग्र शिक्षा अभियान के अधिकारी, अभियंता एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित थे।
Source link
शिक्षकों को क्लास से पहले मोबाइल जमा करने की सलाह:बांका में शिक्षा मंत्री ने दिए सख्ती के संकेत, पहले स्वैच्छिक पालन
