1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

शनिवार, 1 अगस्त को मेष राशि के युवाओं का विदेश जाने का रास्ता आसान होगा। वृष राशि वालों को मेहनत का अच्छा फल मिलेगा। मिथुन राशि वालों को उधार दिए पैसों का कुछ हिस्सा वापस मिल सकता है। कर्क राशि वालों की रुकी पेमेंट मिल सकती है।
सिंह राशि का अटका काम किसी की मदद से आज हल होगा। कन्या राशि वालों को कोर्ट केस में जीत के योग हैं। तुला राशि वालों को नया वाहन खरीदने का मौका मिल सकता है। वृश्चिक राशि वालों के कारोबारी फैसले आज रंग लाएंगे।
धनु राशि वालों की कोई बड़ी उलझन दूर होगी और मन हल्का होगा। मकर राशि वालों को कई जगहों से पैसों का फायदा होगा। कुंभ राशि वालों को फंसी हुई पेमेंट वापस मिलने के योग हैं। मीन राशि वालों को किसी कंपनी से बड़ी जिम्मेदारी मिलने के आसार हैं।
एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा दिन
मेष – पॉजिटिव- अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव लाने के आपके प्रयास काफी हद तक सफल रहेंगे। सामाजिक गतिविधियों में आपका खास योगदान रहेगा। दोस्तों और रिश्तेदारों से मुलाकात होगी। जो युवा विदेश जाने की तैयारी कर रहे हैं, उनके काम आसानी से बनते जाएंगे।
नेगेटिव- दिन के दूसरे हिस्से में कुछ मुश्किलें आ सकती हैं। हालांकि आप अपनी लगन से उन पर काबू कर लेंगे। आज किसी भी तरह की यात्रा टाल दें। आर्थिक परेशानी को देखते हुए खर्चों में कटौती करनी होगी। बच्चे पढ़ाई पर ध्यान दें।
व्यवसाय- कारोबारी काम निपटाने में साथियों और कर्मचारियों का अच्छा सहयोग मिलेगा। कोई अटका हुआ मामला भी आज हल हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को बड़े अधिकारी की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। इसलिए अपना काम तय समय पर पूरा करने की कोशिश करें। लव- जीवनसाथी और परिवार के सदस्यों का आपके कामों में पूरा सहयोग रहेगा। घर में भी सकारात्मक माहौल बना रहेगा। स्वास्थ्य- सेहत ठीक रहेगी। लेकिन महिलाओं को अपनी सेहत का खास ख्याल रखना जरूरी है। भाग्यशाली रंग- पीला, भाग्यशाली अंक- 1
वृष – पॉजिटिव- आज संपर्कों या सोशल मीडिया के जरिए कुछ नई जानकारियां मिलेंगी। युवाओं को कोई उपलब्धि मिलने से मन खुश रहेगा। खर्च भले ही ज्यादा रहेंगे, लेकिन आमदनी के रास्ते भी बढ़ेंगे इसलिए परेशानी नहीं होगी। नेगेटिव- कोई भी फैसला लेते समय अपनी सोच को प्राथमिकता दें। पुरखों की संपत्ति से जुड़े विवाद को ज्यादा तूल न दें, इससे आपसी रिश्तों में कड़वाहट आ सकती है। बड़े-बुजुर्गों की सलाह मानना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।
व्यवसाय- व्यवसाय में कुछ फायदेमंद स्थितियां बन रही हैं। मेहनत के अच्छे नतीजे मिलने वाले हैं। ऑफिस का काम सही तरीके से करने में सक्षम रहेंगे और कंपनी को भी फायदा होगा। व्यवसाय से जुड़ी कोई यात्रा भी करनी पड़ सकती है। लव- पति-पत्नी के बीच मधुरता रहेगी। प्रेम संबंधों में थोड़ा तनाव आ सकता है। अपने पार्टनर की भावनाओं की कद्र करें। स्वास्थ्य- नियमित रूप से जांच जरूर कराएं। ब्लड प्रेशर की समस्या है तो उसका खास ध्यान रखें। भाग्यशाली रंग- क्रीम भाग्यशाली अंक- 7
मिथुन – पॉजिटिव- यह अच्छा समय है। काम, घर और रोज़मर्रा की जिम्मेदारियों के बीच अच्छा संतुलन बनाकर रखेंगे। कहीं उधार दिए पैसों का कुछ हिस्सा वापस मिल सकता है। धार्मिक या आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लेने से सुकून मिलेगा। नेगेटिव- मन में किसी बात को लेकर नकारात्मक विचार आ सकते हैं। यह समय मानसिक शांति बनाए रखने का है। किसी करीबी रिश्तेदार की बुरी खबर मिलने से मन दुखी रह सकता है। छात्र अपने करियर को लेकर चिंतित रहेंगे।
व्यवसाय- काम की जगह पर लिए गए पक्के फैसले अच्छे साबित होंगे। व्यवसाय की गतिविधियां सही तरीके से चलती रहेंगी। मार्केटिंग के कामों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। कोई ऑफिशियल यात्रा का आदेश मिल सकता है। लव- परिवार के साथ घर की जरूरी चीजों की शॉपिंग होगी। लेकिन विवाह के बाहर के संबंध परिवार पर बुरा असर डाल सकते हैं। स्वास्थ्य- सर्दी-खांसी जैसी मौसमी बीमारियां परेशान कर सकती हैं। इनसे बचने के लिए आयुर्वेदिक चीजों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। भाग्यशाली रंग- सफेद भाग्यशाली अंक- 2
कर्क – पॉजिटिव- किसी से पुरानी नाराजगी चल रही है तो आज उसे सुलझाने का अच्छा मौका है। रुकी हुई या उधार दी हुई पेमेंट मिल जाने से तनाव दूर होगा। आप अपने व्यक्तित्व को और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। बच्चों की भावनाओं को समझते हुए उनकी गतिविधियों में सहयोग करें, इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। नेगेटिव- व्यस्त रहते हुए भी रिश्तों में मिठास बनाए रखने के लिए आपका खास प्रयास जरूरी है। इस समय फालतू कामों में वक्त बर्बाद न करें, क्योंकि इसका कोई फायदा नहीं होगा। खर्चों पर काबू रखें।
व्यवसाय- व्यवसाय में इस समय कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। कुछ लोग आपके खिलाफ साजिश या नकारात्मक योजनाएं बना सकते हैं, इसलिए सावधान रहें। नौकरी में भी ऑफिस के माहौल में कुछ ऐसी ही स्थिति रहेगी। लव- परिवार में किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है, शांतिपूर्वक समाधान निकालें। प्रेम संबंध मजबूत बने रहेंगे। स्वास्थ्य- एसिडिटी की समस्या से राहत पाने के लिए खान-पान पर नियंत्रण रखें। आयुर्वेदिक चीजों का सेवन आपको स्वस्थ रखेगा। भाग्यशाली रंग- आसमानी भाग्यशाली अंक- 7
सिंह – पॉजिटिव- नए कामों की योजनाएं बनेंगी और उन्हें अमल में लाने के लिए कुछ लोगों का सहयोग भी मिलेगा। इस समय खुद का विश्लेषण करके अपने व्यक्तित्व को और निखारने की कोशिश करें, इससे आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। किसी दूसरी जगह जाने की संभावना बन रही है। नेगेटिव- लेकिन कोई भी फैसला लेने से पहले उसके अच्छे-बुरे पहलुओं पर जरूर सोचें। बच्चों की गलतियों पर उन्हें डांटने-फटकारने से उनमें हीन भावना आ सकती है। बेहतर होगा कि उनकी समस्याओं को शांति से सुलझाएं।
व्यवसाय- काम की जगह पर लंबे समय से अटका कोई जरूरी काम किसी की मदद से हल हो जाएगा। संपत्ति से जुड़ी कोई अच्छी डील भी हो सकती है, लेकिन ज्यादा मुनाफे की उम्मीद न रखें। सरकारी नौकरी में ट्रांसफर के लिए चल रहे प्रयासों में आज कोई उम्मीद नजर आएगी। लव- पति-पत्नी के बीच हल्की नोकझोंक होगी, लेकिन रिश्तों में मिठास भी बनी रहेगी। घर में अचानक दोस्तों का आना हो सकता है। स्वास्थ्य- मौसम की वजह से शरीर में दर्द और हल्के बुखार जैसी स्थिति रह सकती है। मौसम से बचाव रखना जरूरी है। भाग्यशाली रंग- लाल भाग्यशाली अंक- 9
कन्या – पॉजिटिव- चुनौतियों को स्वीकार करना आपके लिए तरक्की के रास्ते खोलेगा, इसलिए पूरी ऊर्जा के साथ अपने कामों पर ध्यान लगाएं। अगर कोई कोर्ट केस चल रहा है तो उसका फैसला आपके पक्ष में आने की संभावना है। नेगेटिव- दोपहर बाद कोई बुरी खबर मिलने की वजह से मन परेशान और निराश रह सकता है। धैर्य और संयम बनाए रखें। पैसों के लेनदेन के मामले में किसी पर भरोसा न करें। खर्च करते समय बजट का भी ध्यान रखें।
व्यवसाय- व्यवसाय से जुड़ी कोई नई जानकारी मिले तो उस पर तुरंत ध्यान दें और उस पर काम करें। विरोधियों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखना जरूरी है। इस समय किसी तरह का तनाव या नुकसान होने की संभावना भी है। लव- जीवनसाथी के साथ रिश्तों को मधुर बनाए रखने में आपकी अहम भूमिका रहेगी। प्रेम संबंधों में भी भावनात्मक नजदीकी बढ़ेगी। स्वास्थ्य- गर्मी और पसीने की वजह से एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। प्रदूषण और धूप से बचाव रखें। भाग्यशाली रंग- गुलाबी भाग्यशाली अंक- 7
तुला – पॉजिटिव- किसी परेशानी को दूर करने में परिवार के लोगों की अहम भूमिका रहेगी। साथ ही धन और ऊर्जा का सही प्रबंधन करने से आप किसी मुश्किल से भी बाहर निकल जाएंगे। घर में धार्मिक आयोजन की योजना भी बनेगी। नए वाहन की खरीदारी भी संभव है। नेगेटिव- ध्यान रखें कि झूठ का सहारा लेकर खुद को सही साबित न करें, वरना आपकी इज्जत पर असर पड़ेगा। दोपहर बाद ग्रहों की स्थिति कुछ रुकावटें पैदा कर सकती है, इसलिए बेहतर होगा कि दिन की शुरुआत में ही अपने जरूरी काम पूरे कर लें। अचानक मेहमान आने से खर्च बढ़ सकता है।
व्यवसाय- कारोबार में अच्छे काम के अच्छे नतीजे सामने आएंगे। कलात्मक क्षेत्र से जुड़े व्यवसाय में मुनाफे के योग हैं। साझेदारी के कामों में रिश्ते सही बनाए रखने के लिए धैर्य और संयम बहुत जरूरी है। ऑफिस की गतिविधियां व्यवस्थित बनी रहेंगी। लव- घर में खुशियों का माहौल रहेगा और परिवार में सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहेगा। प्रेम संबंध भी मजबूत होंगे। स्वास्थ्य- मौसम के बुरे प्रभाव से बचाव रखें और सेहत का ख्याल रखने वाली आदतों पर ध्यान दें। दिनचर्या व्यवस्थित रखें। भाग्यशाली रंग- पीला भाग्यशाली अंक- 3
वृश्चिक – पॉजिटिव- आज दिन भर भागदौड़ रहेगी, लेकिन सफलता मिलने की खुशी में थकान का एहसास नहीं होगा। यह दिन बहुत फायदेमंद है। अपने लक्ष्य पर ध्यान लगाए रखें। अनुभवी लोगों के साथ वक्त बिताने से कुछ बेहतर सीखने को मिलेगा। नेगेटिव- जरूरत पड़ने पर अपने स्वभाव में लचीलापन लाना भी जरूरी है। कभी-कभी आपका गुस्सा और जरूरत से ज्यादा सख्त अनुशासन दूसरों के लिए मुश्किलें खड़ी करेगा। घर में किसी अनचाहे व्यक्ति के आने से मन खराब हो सकता है। कुछ समय भक्ति और ईश्वर की आराधना में भी बिताएं।
व्यवसाय- कारोबार से जुड़े फैसले सकारात्मक रहेंगे। किसी राजनीतिक या अनुभवी व्यक्ति की सलाह और मदद आपके व्यवसाय को नई दिशा देगी। कर्मचारियों का सहयोग भी आपको तनाव से दूर रखेगा। सरकारी नौकरी में किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें, वरना मुश्किल में पड़ सकते हैं। लव- घर का माहौल सुखद और शांतिपूर्ण रहेगा। कोई खास चीज खरीदना भी संभव है। प्रेम संबंधों में भी नजदीकी बढ़ेगी। स्वास्थ्य- गलत खान-पान की वजह से पेट खराब हो सकता है। गैस और एसिडिटी की समस्या भी रह सकती है। भाग्यशाली रंग- आसमानी भाग्यशाली अंक- 8
धनु – पॉजिटिव- आज कोई बड़ी उलझन दूर होने से मन को सुकून मिलेगा। अपनी योजनाओं को अमल में लाने का यह अच्छा समय है। दिलचस्प और जानकारी से भरी किताबें पढ़ने से आपकी सोच में बदलाव आएगा। नेगेटिव- पैसों की तंगी की वजह से कुछ कामों में रुकावट आ सकती है, लेकिन अपनी हैसियत से ज्यादा उधार न लें। अपनी गतिविधियों को निजी रखें, वरना कोई इसका गलत फायदा उठा सकता है।
व्यवसाय- मशीनरी और तेल से जुड़ा व्यवसाय अच्छा मुनाफा कमाने की स्थिति में है, इसलिए पूरा ध्यान अपने काम पर लगाएं। हर काम के कागजात पूरी तरह व्यवस्थित रखें, क्योंकि किसी तरह की जांच-पड़ताल हो सकती है। लव- पति-पत्नी के बीच थोड़ी नोकझोंक रहेगी, लेकिन आपस में बैठकर सहज तरीके से मामला सुलझाने से रिश्ते फिर मजबूत हो जाएंगे। स्वास्थ्य- योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है। जोड़ों के दर्द और नसों में खिंचाव की वजह से कुछ परेशानी रह सकती है। भाग्यशाली रंग- हरा भाग्यशाली अंक- 5
मकर – पॉजिटिव- धार्मिक या सामाजिक समारोह में जाने का मौका मिलेगा और जीवन को और बेहतर बनाने के लिए आप कुछ संकल्प भी लेंगे। बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद और अनुभव से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। नेगेटिव- अपने निजी कामों में ही व्यस्त रहें और दूसरों के मामले में न उलझें। बात करते समय कड़वे या अनुचित शब्दों पर नियंत्रण रखना जरूरी है। भाइयों के साथ रिश्ते मधुर बनाए रखने में आपको ही खास प्रयास करने होंगे।
व्यवसाय- आज व्यवसाय में बहुत अच्छी स्थिति रहेगी। कई जगहों से आर्थिक लाभ होगा। लेकिन कोई भी फैसला लेने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करें, क्योंकि एक गलत फैसला फायदे को नुकसान में बदल सकता है। सरकारी नौकरी में किसी दूसरे विभाग में जाना पड़ सकता है। लव- घर में सुख-शांति का माहौल रहेगा। किसी विपरीत लिंगी व्यक्ति के प्रति आकर्षण बढ़ने से निजी जीवन में कुछ दिक्कत आ सकती है। स्वास्थ्य- अत्यधिक थकान और तनाव की वजह से खुद में ऊर्जा की कमी महसूस करेंगे। इससे काम करने की शारीरिक क्षमता भी कम होगी। भाग्यशाली रंग- बादामी भाग्यशाली अंक- 2
कुंभ – पॉजिटिव- आज कई तरह की उपलब्धियां मिलने की संभावना है। लेकिन कोई भी काम करने से पहले उसके बारे में गहराई से जानकारी जरूर लें, इससे आप अपने काम को बेहतरीन तरीके से कर पाएंगे। सामाजिक और पारिवारिक गतिविधियों में अच्छा वक्त बीतेगा। नेगेटिव- आज की जरूरत है कि खुद को व्यावहारिक रखें। अपने काम पर ध्यान दें और दूसरों के काम में दखल न दें, और न ही बिना मांगे सलाह दें। किसी पड़ोसी या बाहरी व्यक्ति से बहस हो सकती है। बच्चों की समस्याओं के समाधान में भी कुछ समय जरूर लगाएं।
व्यवसाय- व्यस्त दिनचर्या रहेगी। वित्तीय गतिविधियों पर ज्यादा ध्यान दें। कहीं फंसी हुई या उधार दी हुई पेमेंट वापस पाने का यह अच्छा समय है। काम की जगह पर आप अपनी जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभाएंगे। लेकिन समय के हिसाब से काम करने के तरीके में भी बदलाव जरूर लाएं। लव- परिवार के साथ बैठकर हंसी-मजाक करना आपको फिर से ऊर्जावान बना देगा और दिन भर की थकान भूल जाएंगे। किसी धार्मिक यात्रा पर जाने का मौका भी बन सकता है। स्वास्थ्य- सेहत ठीक रहेगी। ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की नियमित जांच करवाते रहें। तनाव से दूर रहें। भाग्यशाली रंग– सफेद भाग्यशाली अंक- 8
मीन – पॉजिटिव- सकारात्मक लोगों और गतिविधियों पर ध्यान देने से आपकी काम करने की क्षमता और मजबूत होगी। बच्चों के करियर से जुड़ी समस्याओं को किसी अहम व्यक्ति की मदद से सुलझाने में कामयाब रहेंगे। रहन-सहन में सुधार आएगा। नेगेटिव- इस समय आर्थिक उलझन बनी रहेगी। खुद में अहंकार की भावना न आने दें, इसकी वजह से रिश्तों में कड़वाहट आ सकती है। युवा मौज-मस्ती में वक्त बर्बाद न करके अपने करियर पर ज्यादा ध्यान दें।
व्यवसाय- काम के क्षेत्र में अपनी पूरी मेहनत और काबिलियत से अपना लक्ष्य हासिल कर लेंगे। लेकिन खुद को साबित करने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ सकती है। किसी कंपनी से कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी, जो फायदेमंद साबित होगी। लव- निजी जीवन में सुख-शांति और मधुरता बनी रहेगी। प्रेम संबंधों में भी नजदीकी बढ़ेगी। स्वास्थ्य- किसी तनाव की वजह से खुद में ऊर्जा और मनोबल कमजोर महसूस होगा। मानसिक शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए योग और ध्यान बहुत जरूरी है। भाग्यशाली रंग- लाल भाग्यशाली अंक- 3

